- विज्ञापन -
Home Madhya Pradesh लेडी बाइकर को देखकर कार सवारों ने रोक दिया रास्ता, गाली-गलौज के...

लेडी बाइकर को देखकर कार सवारों ने रोक दिया रास्ता, गाली-गलौज के बाद पहुंची पुलिस तक पूरी कहानी

Bhopal news:भोपाल में लेडी बाइकर आबिदा राणा के साथ सड़क पर कथित तौर पर बदसलूकी और अड़ीबाजी का मामला सामने आया है। आबिदा का कहना है कि कार सवार दो युवकों ने उनकी बाइक का रास्ता रोक दिया और गाली-गलौज करते हुए उन्हें आगे निकलने की चुनौती दी। घटना अगस्त की बताई जा रही है, लेकिन इसका वीडियो अब सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

बाइक के आगे रोक दी कार

- विज्ञापन -

आबिदा राणा ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि वह अपने घर से निकली थीं। इसी दौरान कार सवार दो युवकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि युवकों ने डिवाइडर के पास कार खड़ी कर उनका रास्ता रोक दिया।

आबिदा के मुताबिक, दोनों युवक उनकी लेन में आ गए और आगे बढ़ने में परेशानी पैदा करने लगे। उन्होंने युवकों से रास्ता देने को कहा, लेकिन कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई।

‘अब गाड़ी निकालकर दिखा’

आबिदा ने बताया कि जब उन्होंने कैमरा ऑन किया तो युवकों ने कथित तौर पर कहा, ‘अब तू गाड़ी निकालकर दिखा।’ उनका कहना है कि युवकों के साथ उनका पहले से कोई विवाद नहीं था। उन्हें बाइक चलाते देखकर ही कार रोककर रास्ता ब्लॉक किया गया।

आबिदा ने यह भी बताया कि उन्होंने युवकों को कैमरे के बारे में बताया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इसके बावजूद स्थिति कुछ समय तक तनावपूर्ण बनी रही।

निशातपुरा थाने में दी शिकायत

आबिदा के मुताबिक, घटनास्थल निशातपुरा पुलिस स्टेशन से करीब 100 मीटर की दूरी पर था। उन्होंने 4 अगस्त को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि वह इस घटना को लेकर अपने मन में किसी तरह का पछतावा नहीं रखना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस के बुलाने पर थाने पहुंचे युवक

शिकायत के बाद पुलिस ने कथित तौर पर युवकों से संपर्क किया। शुरुआत में उन्होंने यह कहकर घटना से इनकार किया कि उनकी कार घर पर खड़ी थी। हालांकि, अगले दिन पुलिस के बुलाने पर दोनों युवक थाने पहुंचे।

आबिदा के अनुसार, दोनों ने वहां उनसे माफी मांगी। इसके बाद मामला शांत हुआ।

‘मुझे हिट भी कर सकते थे’

आबिदा ने कहा कि उस समय उन्हें यह डर था कि कार सवार युवक उन्हें टक्कर भी मार सकते थे। इस घटना के बाद वह बाइक चलाते समय पहले की तुलना में ज्यादा सतर्क रहती हैं।

उनका कहना है कि सड़क पर हर व्यक्ति का व्यवहार एक जैसा नहीं होता। इसलिए बाइक चलाते समय आसपास के वाहनों और लोगों को लेकर सावधानी रखना जरूरी है। गुरुग्राम की एक सड़क पर हुई चर्चित घटना के बाद आबिदा राणा ने अपनी पुरानी घटना सामने रखी है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version