Ghaziabad News: गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके से एक 16 वर्षीय छात्रा ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का दावा है कि युवक पिछले करीब 8 महीने से उसका पीछा कर रहा है और रास्ते में रोककर परेशान करता है। परिवार का आरोप है कि युवक छात्रा पर जबरन शादी करने का दबाव भी बना रहा है।छात्रा ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घर में घुसकर छेड़छाड़ का भी आरोप
पीड़िता का आरोप है कि 14 दिसंबर 2025 को आरोपी कथित तौर पर उसके घर में घुस आया था। छात्रा के मुताबिक, युवक उसे कमरे में खींचकर ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
छात्रा का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को धमकी दी। परिवार के अनुसार, आरोपी कभी फूल देकर शादी के लिए दबाव बनाता था तो कभी शादी से इनकार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था।
हत्या और तेजाब डालने की धमकी का दावा
छात्रा ने आरोप लगाया है कि युवक उसे हत्या करने और तेजाब डालकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी भी दे चुका है। इन कथित धमकियों के बाद छात्रा और उसका परिवार काफी डरा हुआ है।
छात्रा का कहना है कि उसे आशंका है कि आरोपी उसके साथ कभी भी कोई बड़ी वारदात कर सकता है। इसी वजह से परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
FIR दर्ज नहीं होने का लगाया आरोप
छात्रा और उसके परिवार का दावा है कि शिकायत के बावजूद लंबे समय तक उनकी FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद 18 अगस्त को परिवार ने गाजियाबाद के DCP से मुलाकात कर दोबारा शिकायत दी।परिवार का कहना है कि वे चाहते हैं कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करे और छात्रा को सुरक्षा दी जाए।
छात्रा के पिता पर भी केस दर्ज
मामले में छात्रा के पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि बेटी की शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उनके खिलाफ ही SC-ST Act के तहत मामला दर्ज कर दिया गया था। पिता के मुताबिक, दिसंबर 2025 में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि पिता के खिलाफ दर्ज मामले में चार्जशीट पहले ही अदालत में दाखिल की जा चुकी है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
ACP नंदग्राम जियाउद्दीन के मुताबिक, छात्रा की ओर से लगाए गए छेड़छाड़ और अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
फिलहाल छात्रा के आरोपों की स्वतंत्र जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप अदालत में साबित होना बाकी हैं।
