Delhi News: दिल्ली के निहाल विहार में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की मौत के मामले में उनके परिवार ने उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि शुक्रवार सुबह मामूली वैवाहिक विवाद के बाद विनय की पत्नी अपने परिवार के लोगों के साथ घर पहुंचीं और कुछ ही देर बाद विनय पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
बातचीत के बहाने घर आए थे रिश्तेदार
विनय की मां के मुताबिक, उन्हें लगा था कि बहू के परिवार वाले घरेलू विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत करने आए हैं। घर का दरवाजा खुला था, इसलिए वे सीढ़ियों से ऊपर आ गए। परिवार का आरोप है कि कुछ ही देर में अचानक विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
मां ने दावा किया कि विनय को पकड़कर बेड पर गिराया गया, उसका गला दबाया गया और पेट में लात-घूंसे मारे गए। उन्होंने और उनके पति ने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी धक्का देकर अलग कर दिया गया।
अस्पताल ले जाने की कोशिश
विनय की मां ने बताया कि उन्होंने पड़ोसियों से मदद के लिए आवाज लगाई। परिवार के अनुसार, पड़ोसियों के पहुंचने तक विनय गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
विनय नोएडा स्थित Adobe में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। उनकी शादी करीब साढ़े तीन साल पहले हुई थी और उनके चार महीने के जुड़वां बच्चे हैं।
बहन ने उठाए सवाल
विनय की बहन का आरोप है कि विवाद के बाद उनकी भाभी घर से चली गईं और करीब 10 मिनट बाद कई रिश्तेदारों के साथ वापस लौट आईं। परिवार ने सवाल उठाया है कि जब कुछ रिश्तेदार करीब 30 मिनट की दूरी पर रहते थे तो वे इतनी जल्दी कैसे पहुंच गए।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना से पहले घर का CCTV बंद किया गया था। हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस जांच में जुटी
विनय के परिवार ने पत्नी के पिता, दो भाइयों, मां, भाभी और एक अन्य रिश्तेदार पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस विवाद की शुरुआत से लेकर हमले और विनय की मौत तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।
घटनास्थल की फोरेंसिक जांच भी कराई गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्तेदारों को कब बुलाया गया, वे कितनी देर में पहुंचे और विनय की मौत किन चोटों के कारण हुई। फिलहाल चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
