Food Safety Department: सावन माह और कांवड़ यात्रा की शुरुआत से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत बुधवार को विभाग की टीम ने गाजियाबाद के शालीमार गार्डन स्थित एक सोया चाप बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा। फैक्ट्री के अंदर की स्थिति देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में तैयार माल नष्ट करा दिया।
गंदगी के बीच तैयार हो रही थी खाने की सामग्री
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि फैक्ट्री में साफ-सफाई के बुनियादी मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। फर्श पर कचरा फैला हुआ था, दीवारों पर चिकनाई और गंदगी जमी हुई थी, जबकि उसी वातावरण में सोया चाप तैयार की जा रही थी। खाद्य सामग्री को खुले में रखा गया था और कर्मचारियों द्वारा भी स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में तैयार भोजन लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
200 किलो सोया चाप जब्त कर कराया गया नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से करीब 200 किलो तैयार सोया चाप जब्त कर उसे तत्काल नष्ट करा दिया। विभाग ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को फैक्ट्री बंद कराने की भी सिफारिश भेजी है। साथ ही खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भी भेजे गए हैं।
त्योहारों के दौरान लगातार चलेगा अभियान
अधिकारियों ने बताया कि सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाहर का भोजन करते हैं। ऐसे में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी कारण होटल, ढाबों, मिठाई की दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों की लगातार जांच की जाएगी। विभाग ने साफ किया कि मिलावट, गंदगी या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
