- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Kanpur Highway Accident: डिवाइडर पार कर गैस टैंकर से भिड़ी फॉर्च्यूनर, हादसे में...

Highway Accident: डिवाइडर पार कर गैस टैंकर से भिड़ी फॉर्च्यूनर, हादसे में कत्था कारोबारी की हुई मौत

Prayagraj Highway Accident: कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर महाराजपुर के महोली मोड़ के पास शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे गैस टैंकर से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार कत्था कारोबारी की मौत हो गई।

डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार

- विज्ञापन -

जानकारी के मुताबिक, चकेरी के रामादेवी निवासी करीब 45 वर्षीय पंकज अग्रवाल शनिवार सुबह अपनी फॉर्च्यूनर से फतेहपुर के चौडगरा स्थित कत्था फैक्ट्री जा रहे थे। महोली मोड़ के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार कई बार पलटी और दूसरी लेन में जा पहुंची।

इसी दौरान फतेहपुर से कानपुर की ओर आ रहे गैस टैंकर से फॉर्च्यूनर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कारोबारी अंदर फंस गए।

कार काटकर बाहर निकाला गया

हादसा देखकर राहगीर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से कार के शीशे तोड़े गए और आगे का हिस्सा काटकर कारोबारी को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आवागमन सुचारु कराया।

चौडगरा में थी कत्था फैक्ट्री

पुरवामीर चौकी प्रभारी पुष्पराज सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पंकज अग्रवाल की फतेहपुर के चौडगरा में कत्था फैक्ट्री है। वह रामादेवी स्थित अपने घर से फैक्ट्री जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंच रहे हैं।

- विज्ञापन -
Exit mobile version