Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। गोविंद नगर थाना क्षेत्र के गुजैनी इलाके में 23 वर्षीय बीटेक गोल्ड मेडलिस्ट छात्र ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मौके से पांच पंक्तियों का एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें युवक ने सरकारी नौकरी न मिलने से निराश होकर अपने पिता से माफी मांगी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार बिहार गया था, घर में अकेला था छात्र
पुलिस के मुताबिक मृतक आनंद घटना के समय घर में अकेला था। उसका परिवार बड़े भाई की शादी तय करने के लिए बिहार गया हुआ था। जब घर में काम करने वाली महिला ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां आनंद का शव पंखे से लटका मिला।
सुसाइड नोट में पिता से मांगी माफी
प्राथमिक जांच में पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। पुलिस के अनुसार, उसमें आनंद ने लिखा कि उसने सरकारी नौकरी पाने के लिए लगभग 50 बार प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उसने अपने पिता से माफी मांगते हुए अपनी असफलता का जिक्र किया। पुलिस इस नोट की भी जांच कर रही है।
कॉलेज टॉपर था आनंद
परिजनों के अनुसार, आनंद ने वर्ष 2024 में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक किया था। वह अपने कॉलेज का टॉपर था और उत्तर प्रदेश स्तर पर तीसरी रैंक हासिल करने पर उसे स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया था। बीटेक के बाद उसने पावर ग्रिड में एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप भी की थी। इसके बाद वह रेलवे, एसएससी, बैंक और अन्य सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गोविंद नगर थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
