Noida Road Rage Case: नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में ओवरटेक करने को लेकर रोड रेज का मामला सामने आया है। रविवार शाम एफएनजी रोड पर कार सवार चार लोगों ने कथित तौर पर ओवरटेक करने वाली कार का पीछा कर उसे रुकवाया और उसमें सवार तीन भाई-बहनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने कार का शीशा भी तोड़ दिया और धमकी देकर फरार हो गए।
ओवरटेक करने पर शुरू हुआ विवाद
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू सोसायटी निवासी रुद्राक्ष अपने भाई और 16 वर्षीय बहन के साथ कार से घर लौट रहे थे। एफएनजी रोड पर ओवरटेक करने को लेकर नोएडा नंबर की वोक्सवैगन टाइगुन कार में सवार चार लोग नाराज हो गए।
आरोप है कि कुछ दूरी पर उन्होंने पीड़ितों की कार को जबरन रुकवाया और आगे कार निकालने को लेकर अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लात-घूंसों और डंडों से रुद्राक्ष के साथ मारपीट की।
भाई को बचाने के लिए गिड़गिड़ाती रही नाबालिग
मारपीट के दौरान 16 वर्षीय बहन ने अपने भाई को बचाने की कोशिश की। वह आरोपितों से हाथ जोड़कर उसे छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपित नहीं माने। हमले में रुद्राक्ष के घायल होने की बात सामने आई है।
आरोपितों ने कार का शीशा तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और धमकी देकर मौके से भाग गए। पुलिस ने पहुंचकर पीड़ितों का प्राथमिक उपचार कराया। घटना से नाबालिग काफी डर गई थी और पुलिस के समझाने के बाद सामान्य हुई।
वाहन नंबर से आरोपितों की तलाश
पीड़ित ने उपचार कराने के बाद सेक्टर-113 थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के मुताबिक, वाहन नंबर UP 16 EN 2015 के आधार पर उसके स्वामी और आरोपितों की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गुस्से में लिया फैसला पड़ सकता है भारी
मामले ने एक बार फिर रोड रेज और गुस्से में हिंसा के बढ़ते मामलों पर सवाल खड़े किए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार छोटी बात पर गुस्सा बढ़ने से विवाद गंभीर रूप ले सकता है। ऐसे में वाहन चलाते समय संयम रखना और विवाद की स्थिति में पुलिस की मदद लेना जरूरी है।
