- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Noida Noida Crime News: शादी के 30 दिन बाद ही खत्म हुई जिंदगी,...

Noida Crime News: शादी के 30 दिन बाद ही खत्म हुई जिंदगी, नोएडा में 16वीं मंजिल से नवविवाहिता ने लगाई छलांग

Noida Crime News: नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में एक नवविवाहिता की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 24 वर्षीय कामिनी कुमारी ने रविवार शाम सोसाइटी के लिली टावर की 16वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कामिनी की शादी करीब एक महीने पहले 11 जुलाई को हुई थी।

16वीं मंजिल से लगाई छलांग

- विज्ञापन -

सेक्टर-39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला के मुताबिक, रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कामिनी ने 16वीं मंजिल से छलांग लगाई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पति के साथ किराये के फ्लैट में रहती थी

पुलिस के अनुसार, कामिनी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा की रहने वाली थी। वह अपने पति मंथन धीमान के साथ सेक्टर-108 की डिवाइन मीडोज सोसाइटी के फ्लैट नंबर 1602 में किराये पर रह रही थी। मंथन मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

पति ने डिप्रेशन की बात बताई

पुलिस पूछताछ में पति मंथन ने कथित तौर पर बताया कि कामिनी पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में थी और उसका इलाज चल रहा था। वह पहले एक बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है।

मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले नोएडा पहुंचे। परिजनों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- विज्ञापन -
Exit mobile version