- विज्ञापन -
Home भारत National Sourav Ganguly Death Threat: सौरव गांगुली को जान से मारने की धमकी...

Sourav Ganguly Death Threat: सौरव गांगुली को जान से मारने की धमकी से हड़कंप, कोलकाता पुलिस ने दर्ज की शिकायत

Sourav Ganguly Death Threat: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद कोलकाता में उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले में गांगुली परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। धमकी भरे पत्र मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पत्र भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

ऑफिस में मिला धमकी भरा पत्र

- विज्ञापन -

शिकायत के मुताबिक, सोमवार को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली के कार्यालय में धमकी भरा पत्र मिला। अंग्रेजी में लिखे इस पत्र में गांगुली और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पिछले करीब छह महीनों से इस तरह के पत्र लगातार मिल रहे थे।

शुरुआत में परिवार ने इन पत्रों को गंभीरता से नहीं लिया। माना गया कि संभवत: किसी उत्साही प्रशंसक की ओर से इस तरह के पत्र भेजे जा रहे हैं। लेकिन लगातार पत्र आने और उनमें इस्तेमाल की गई आक्रामक भाषा के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया।

दो पत्रों में दी गई धमकी

पुलिस शिकायत के अनुसार, सोमवार को गांगुली के कार्यालय में दो पत्र मिले। इनमें सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना को जान से मारने तथा उनके करीबी लोगों को नुकसान पहुंचाने की कथित धमकी दी गई थी। इसके बाद उनके मैनेजर की ओर से दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की जानकारी राज्य सरकार के सुरक्षा विभाग को भी दी गई है। सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने के लिए अधिकारियों से अनुरोध किया गया है।

बेलघरिया के व्यक्ति पर जांच का फोकस

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांचकर्ता धमकी भरे पत्रों की सामग्री की समीक्षा कर रहे हैं। साथ ही पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और धमकी के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि ये पत्र कथित तौर पर उत्तर 24 परगना जिले के बेलघरिया के रहने वाले एक व्यक्ति ने कूरियर के जरिए भेजे हैं। हालांकि, पुलिस अभी मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका की पुष्टि की जा रही है।

छह महीने से आ रहे थे पत्र

परिवार के सूत्रों के अनुसार, पिछले छह महीने से गांगुली के नाम पर इस तरह के पत्र मिलने की बात सामने आई है। अब पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी देने वाला कौन है और उसके पीछे वास्तविक मकसद क्या है।

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version