- विज्ञापन -
Home Business 7 लाख महीना कमाने वाला IT इंजीनियर भी परेशान,16 घंटे काम के...

7 लाख महीना कमाने वाला IT इंजीनियर भी परेशान,16 घंटे काम के बाद भी AI और भविष्य का डर नहीं छोड़ रहा पीछा

IT Engineer AI Job Fear:अच्छी सैलरी और शानदार करियर का सपना हर युवा देखता है। लेकिन जब हर महीने करीब 7 लाख रुपये कमाने वाला 29 वर्षीय IT इंजीनियर भी भविष्य को लेकर चिंतित हो, तो यह सोचने वाली बात है। हाल ही में एक पर्सनल फाइनेंस पॉडकास्ट में रोहित (बदला हुआ नाम) ने अपनी जिंदगी के ऐसे पहलुओं को साझा किया, जो आज के IT प्रोफेशनल्स की मानसिक स्थिति को सामने लाते हैं।

दो नौकरियां और 16 घंटे की मेहनत

रोहित एक साथ दो कंपनियों के लिए काम करते हैं। दिन में एक कंपनी और रात में दूसरी कंपनी की जिम्मेदारी निभाते हैं। इनमें से एक कंपनी अमेरिका की है। दोनों नौकरियों से उनकी मासिक आय करीब 7 लाख रुपये तक पहुंचती है। हालांकि, इतनी कमाई के बदले उन्हें रोज लगभग 16 घंटे काम करना पड़ता है। परिवार, दोस्तों और खुद के लिए समय लगभग नहीं बचता।

बचपन की आर्थिक मुश्किलों ने बदली सोच

- विज्ञापन -

रोहित ने बताया कि उनका बचपन आर्थिक तंगी में बीता। परिवार में केवल एक बच्चे की पढ़ाई का खर्च उठाया जा सकता था, इसलिए उनके भाई ने अपनी पढ़ाई छोड़ दी ताकि रोहित आगे बढ़ सकें। यही वजह है कि आज भी वह खुद पर बड़ी जिम्मेदारी महसूस करते हैं और लगातार अधिक मेहनत करते रहते हैं।

AI से नौकरी जाने का डर बना सबसे बड़ी चिंता

हाल ही में पिता बनने के बाद रोहित ने नई कार खरीदी और करीब 85 लाख रुपये का फ्लैट भी लिया। उनकी हर महीने की EMI और घरेलू खर्च मिलाकर लगभग 1.3 से 1.4 लाख रुपये तक पहुंचते हैं। अच्छी कमाई और मजबूत बचत होने के बावजूद उन्हें सबसे ज्यादा डर इस बात का है कि अगर भविष्य में AI की वजह से IT सेक्टर में नौकरियां कम हुईं या आय घट गई, तो आर्थिक स्थिति पर असर पड़ सकता है।

82 लाख से ज्यादा की बचत, फिर भी नहीं मिला मानसिक सुकून

रोहित ने बताया कि उनके म्यूचुअल फंड में लगभग 70 लाख रुपये, फिक्स्ड डिपॉजिट में 10 लाख रुपये और शेयर बाजार में करीब 2 लाख रुपये का निवेश है। यानी कुल बचत 82 लाख रुपये से ज्यादा है। इसके बावजूद उनका कहना है कि लगातार काम करने से उनकी निजी जिंदगी लगभग खत्म हो चुकी है और मानसिक तनाव लगातार बना रहता है।

अगला लक्ष्य करोड़ों की संपत्ति

रोहित अगले पांच से छह वर्षों में 7 से 8 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाने का लक्ष्य रखते हैं। इसके बाद वह दो नौकरियों में से एक छोड़कर केवल एक नौकरी पर ध्यान देना चाहते हैं। उनकी कहानी बताती है कि आज के दौर में सिर्फ अच्छी सैलरी ही खुशी की गारंटी नहीं है। AI, नौकरी की सुरक्षा और बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस जैसी चुनौतियां आज कई युवा प्रोफेशनल्स की सबसे बड़ी चिंता बन चुकी हैं।

- विज्ञापन -
Exit mobile version