Noida Fire News: नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा इलाके की एक रिहायशी बिल्डिंग में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। पार्किंग में चार्जिंग पर लगे एक इलेक्ट्रिक स्कूटर (EV) में स्पार्किंग होने के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी कई अन्य गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और धुआं पूरी इमारत में फैल गया। हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दमकल और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ बिल्डिंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत और बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को धुएं से सुरक्षित निकालकर मेडिकल सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
डीसीपी ने बताया हादसे का कारण
डीसीपी सेंट्रल नोएडा के अनुसार, सेक्टर-66 के ममूरा क्षेत्र में पहली मंजिल के नीचे पार्किंग में चार्जिंग पर लगे इलेक्ट्रिक स्कूटर में स्पार्किंग हुई थी। आग तेजी से अन्य वाहनों तक फैल गई, जिससे घना धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या चार्जिंग के दौरान तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
मुख्यमंत्री योगी ने दिए तत्काल निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सतर्क रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने का भी निर्देश दिया है।
EV सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि चार्जिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन और नियमित तकनीकी जांच ऐसे हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
