Atiq Ahmed Family: अतीक अहमद की पत्नी और उमेश पाल हत्याकांड में वांछित शाइस्ता परवीन एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। सड़क हादसे में उनके सबसे छोटे बेटे आबान की मौत के बाद शुक्रवार को उसका शव प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। इसी दौरान भीड़ में शाइस्ता के मौजूद होने की चर्चा शुरू हो गई।
कई लोगों ने दावा किया कि शाइस्ता बुर्के में गुपचुप तरीके से गांव पहुंची और बेटे का अंतिम दीदार करने के बाद वहां से चली गई। हालांकि, पुलिस और प्रशासन ने इन दावों को अफवाह बताते हुए खारिज कर दिया है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां रहीं अलर्ट
शाइस्ता के संभावित रूप से जनाजे में पहुंचने की आशंका को देखते हुए पुलिस पहले से सतर्क थी। एसीपी धूमनगंज अजयेंद्र यादव के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस गांव में तैनात रही। महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया था। खुफिया एजेंसियां भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थीं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शाइस्ता के गांव आने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। ऐसे में फिलहाल उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने की खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मां का लाडला था आबान
परिवार के करीबी लोगों के मुताबिक आबान अपनी मां शाइस्ता का सबसे छोटा और लाडला बेटा था। वर्ष 2023 में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद शाइस्ता गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गई थीं। तब से पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है, लेकिन उनका कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
बेटे की मौत के बाद शाइस्ता के सामने आने की संभावना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी।
परिवार पर एक के बाद एक त्रासदी
अतीक अहमद के परिवार को पिछले कुछ वर्षों में लगातार बड़े झटकों का सामना करना पड़ा है। अतीक का बेटा असद 2023 में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। अब आबान की सड़क हादसे में मौत हो गई।
आबान की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई थी। हादसे में सोनू नाम के एक व्यक्ति की भी मौत हुई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। अतीक के बेटे उमर और अली अलग-अलग जेलों में बंद हैं, जबकि शाइस्ता अब भी फरार हैं।
