- विज्ञापन -
Home Delhi इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, होटल में बुलाकर दुष्कर्म का आरोप; शादी का...

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, होटल में बुलाकर दुष्कर्म का आरोप; शादी का झांसा देकर कराया चुप, फिर दी जान से मारने की धमकी

Delhi Crime Instagram Friendship Rape Case: दिल्ली में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती के बाद एक युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 22 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट ने साहिब नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती के मुताबिक, दोनों की पहचान पिछले साल अगस्त में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। आरोपी ने खुद को मेकअप आर्टिस्ट बताया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फोन पर भी बात होने लगी।

- विज्ञापन -

पुलिस के अनुसार, पीड़िता वजीराबाद इलाके में परिवार के साथ रहती है और परिवार की आर्थिक मदद के लिए मेकअप आर्टिस्ट का काम करती है। वह सोशल मीडिया पर मेकअप से जुड़ी रील और टिप्स भी शेयर करती थी।

कारोबार के बहाने होटल बुलाने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जुलाई में साहिब मुखर्जी नगर के एक होटल में ठहरा था। उसने युवती को होटल में यह कहकर बुलाया कि वहां कुछ लोगों से कारोबार के सिलसिले में मुलाकात कराएगा। युवती जब होटल के कमरे में पहुंची तो कथित तौर पर वहां आरोपी अकेला था।

आरोप है कि साहिब ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को पिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसने शादी करने का भरोसा दिया और पुलिस में शिकायत नहीं करने के लिए उसे मनाया।

दूसरी बार होटल ले जाकर धमकाने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, 8 अगस्त को साहिब एक अन्य युवक के साथ बुराड़ी बाईपास के पास आया। इसके बाद वह युवती को जीटीबी नगर स्थित एक होटल में ले गया। आरोप है कि वहां उसने दोबारा दुष्कर्म किया।

युवती का कहना है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। आरोप है कि हालत गंभीर होने के बाद आरोपी उसे होटल के कमरे में छोड़कर फरार हो गया।

होटल स्टाफ की मदद से पहुंची अस्पताल

पुलिस के मुताबिक, युवती ने किसी तरह होटल स्टाफ से संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गंभीर हालत में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद गुरुवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी साहिब की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

- विज्ञापन -
Exit mobile version