- विज्ञापन -
Home Delhi Delhi Theft Case: तिमारपुर में 3 करोड़ की चोरी का हुआ खुलासा,...

Delhi Theft Case: तिमारपुर में 3 करोड़ की चोरी का हुआ खुलासा, नौकर ही निकला पुरे गेम का मास्टरमाइंड

Delhi Theft Case: दिल्ली के तिमारपुर स्थित मॉल रोड के एक अपार्टमेंट में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, घर से करीब तीन करोड़ रुपये की नकदी और सोने-हीरे के जेवर चोरी किए गए थे। जांच में अपार्टमेंट का घरेलू नौकर अनिल कामत कथित तौर पर इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला।

- विज्ञापन -

पुलिस के अनुसार, अनिल ने अपने ससुर देव चंद्र साह और झारखंड के गिरिडीह निवासी एक नाबालिग के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चोरी के पैसों से नेपाल में कैफे-रेस्टोरेंट खोलने की योजना थी।

300 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच

पुलिस ने बताया कि तिमारपुर थाना पुलिस और उत्तरी जिले की ऑपरेशन सेल ने मिलकर मामले की जांच की। बिहार और झारखंड में 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दोनों नौकर बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज की।

पुलिस के मुताबिक, गिरिडीह से नाबालिग आरोपी को पकड़ा गया। जांच में अनिल कामत का कथित पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया। पुलिस का कहना है कि वह इससे पहले शालीमार बाग इलाके में करीब 1.25 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में भी शामिल रहा था।

भूसे और जमीन के नीचे छिपाया था सामान

पूछताछ के बाद पुलिस ने देव चंद्र साह के बताए स्थान से भूसे के बीच बोरियों में छिपाई गई 4.34 लाख रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया। इसके बाद जमीन के नीचे गड्ढे में छिपाए गए सोने और हीरे के जेवर भी बरामद किए गए।

iPhone के बाद Bullet खरीदने की तैयारी

एक अन्य मामले में मैदानगढ़ी थाना पुलिस ने चोरी के आरोप में डिलीवरी ब्वॉय दीपक और उसके दोस्त गुंजन को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को हुई चोरी के बाद दीपक ने कथित तौर पर iPhone-15 खरीदा और नए कपड़ों पर पैसे खर्च किए। वह करीब तीन लाख रुपये की Bullet खरीदने की तैयारी में था।

पुलिस के मुताबिक, दीपक छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ था और वहां से नकदी व जेवर चोरी किए थे। 13 सितंबर की रात उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद करने का भी दावा किया है।

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version