Cashew Grades: काजू एक ऐसा ड्राई फ्रूट है जो सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी काफी पसंद किया जाता है। चाहे मिठाई हो, स्नैक्स हों या फिर कोई खास डिश काजू हर जगह अपनी खास जगह बनाए रखता है। लेकिन जब आप बाजार से काजू खरीदते हैं, तो क्या आपने कभी पैकेट पर लिखे W-180, W-240 या W-320 जैसे नंबरों पर ध्यान दिया है? ये नंबर सिर्फ कोड नहीं, बल्कि काजू की क्वालिटी और साइज बताते हैं।
काजू के ग्रेड का मतलब क्या होता है?
काजू को उनके आकार और गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग ग्रेड में बांटा जाता है। इन ग्रेड्स को “W” (Whole) के साथ नंबर देकर पहचाना जाता है।जितना छोटा नंबर होता है, उतना बड़ा और प्रीमियम काजू माना जाता है।सबसे आम ग्रेड इस तरह होते हैं,W-180, W-210, W-240, W-320जैसे-जैसे नंबर बढ़ता है, काजू का साइज थोड़ा छोटा होता जाता है और कीमत भी कम हो जाती है।
कौन सा काजू सबसे अच्छा माना जाता है?
काजू के सभी ग्रेड में सबसे प्रीमियम और बेहतरीन माना जाता है W-180। इसे ही कई लोग “किंग ऑफ काजू” भी कहते हैं। इस ग्रेड के काजू बड़े, पूरे और बेहद आकर्षक होते हैं। इनका स्वाद भी काफी रिच और क्रीमी होता है, जो इसे बाकी ग्रेड से अलग बनाता है।
W-180 काजू की खासियत
W-180 काजू को देखकर ही उसकी प्रीमियम क्वालिटी का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसके दाने बड़े और समान आकार के होते हैं। टेक्सचर मुलायम और स्वाद बेहद हल्का मीठा और क्रीमी होता है। यही वजह है कि इसे लग्जरी ड्राई फ्रूट माना जाता है।
W-180 काजू का इस्तेमाल कहाँ होता है?
इस ग्रेड की काजू का इस्तेमाल खास मौकों और प्रीमियम डिशेज में किया जाता है। जैसे,काजू कतली, शाही पनीर, काजू पुलाव, बिरयानी, ड्राई फ्रूट हलवा, खीर और कई तरह की मिठाइयाँ। बड़े साइज और बेहतरीन स्वाद के कारण इसे गार्निशिंग में भी खूब इस्तेमाल किया जाता है।
W-180 काजू की कीमत
भारत में W-180 काजू की कीमत आमतौर पर 800 से 1,400 प्रति किलोग्राम तक होती है। कीमत बाजार, क्वालिटी और सीजन के हिसाब से बदल सकती है।अगर आप अगली बार काजू खरीदें, तो सिर्फ कीमत नहीं बल्कि ग्रेड जरूर देखें, क्योंकि असली स्वाद और क्वालिटी वहीं छुपी होती है।
