Women Health Updates: आजकल कई लड़कियां ऐसी हैं जिन्हें अचानक वजन बढ़ने, अनियमित पीरियड्स या चेहरे पर मुंहासों की समस्या होने लगती है,और वो समझ ही नहीं पातीं कि आखिर हो क्या रहा है। अक्सर इसके पीछे कारण होता है PCOS या PCOD। यह सिर्फ एक हार्मोनल दिक्कत नहीं, बल्कि शरीर और मन दोनों को प्रभावित करने वाली स्थिति है।
आखिर PCOS और PCOD हैं क्या?
सरल भाषा में समझें तो PCOD में ओवरी ठीक से काम नहीं कर पाती, जबकि PCOS उससे थोड़ा ज्यादा गंभीर होता है और पूरे मेटाबोलिज्म को प्रभावित कर सकता है। दोनों ही स्थितियों में हार्मोन बिगड़ जाते हैं, जिससे पीरियड्स अनियमित हो जाते हैं और शरीर में कई बदलाव दिखने लगते हैं।
शरीर जो संकेत देता है, उन्हें समझें
कई बार शरीर हमें पहले ही संकेत दे देता है, बस जरूरत होती है उन्हें पहचानने की। जैसे: पीरियड्स का लेट होना या न आना,चेहरे या शरीर पर ज्यादा बाल आना,बार-बार मुंहासे होना,अचानक वजन बढ़ना,या बालों का पतला होना।इन लक्षणों को नजरअंदाज करना आगे चलकर परेशानी बढ़ा सकता है।
सिर्फ शरीर नहीं, मन भी होता है प्रभावित
PCOS और PCOD का असर सिर्फ फिजिकल हेल्थ तक सीमित नहीं रहता। जब शरीर में बदलाव आते हैं, तो कई लड़कियां खुद को लेकर असहज महसूस करने लगती हैं। धीरे-धीरे यह स्ट्रेस, एंग्जायटी और यहां तक कि डिप्रेशन में भी बदल सकता है। खुद को दूसरों से तुलना करना स्थिति को और मुश्किल बना देता है।
क्यों बढ़ रही है ये समस्या?
आज की लाइफस्टाइल इसका सबसे बड़ा कारण है। घंटों बैठकर काम करना, फास्ट फूड खाना, नींद पूरी न होना और हर समय तनाव में रहना, ये सब मिलकर हार्मोनल बैलेंस बिगाड़ देते हैं। खासकर शहरों में रहने वाली युवतियों में यह समस्या तेजी से बढ़ रही है।
कैसे खुद को संभाले?
अच्छी बात यह है कि थोड़े से बदलाव बहुत फर्क ला सकते हैं।रोजाना थोड़ी एक्सरसाइज करें चाहे वॉक ही क्यों न हो,घर का बना संतुलित खाना खाएं,समय पर सोएं और स्क्रीन टाइम कम करें,और सबसे जरूरी अपने मन का ख्याल रखें।जरूरत लगे तो डॉक्टर से सलाह लेने में बिल्कुल भी देर न करें।PCOS और PCOD कोई ऐसी समस्या नहीं है जिसे लेकर घबराया जाए, लेकिन इसे हल्के में लेना भी ठीक नहीं। अपने शरीर की बात सुनना, समय पर ध्यान देना और सही लाइफस्टाइल अपनाना ही इसका सबसे अच्छा समाधान है।
