Deepika Kakkar Birthday: टीवी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इब्राहिम ने 6 अगस्त को अपना जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया। इस बार का जन्मदिन उनके लिए भावुक कर देने वाला रहा, क्योंकि वह इन दिनों कैंसर का इलाज करा रही हैं। इस मुश्किल दौर में उनके पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम हर कदम पर उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। जन्मदिन के मौके पर शोएब ने खुद अपने हाथों से दीपिका के लिए केक तैयार किया और परिवार के साथ उनका बर्थडे सेलिब्रेट किया।
शोएब ने कहा- तुम असली फाइटर हो
जन्मदिन के अवसर पर शोएब इब्राहिम ने सोशल मीडिया पर दीपिका के साथ तस्वीरें साझा करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने लिखा, “हैप्पी बर्थडे फाइटर… तुमने मुझे सिखाया कि असली हिम्मत कभी हार न मानने में होती है। अल्लाह तुम्हें लंबी और सेहतमंद जिंदगी दे, बाकी सारी खुशियां देना मेरी जिम्मेदारी है।”
इस पोस्ट पर दीपिका ने भी प्यार भरा जवाब देते हुए लिखा, “तुम मेरे साथ हो, यही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। तुम्हारा प्यार मुझे हर दिन मजबूत बनाता है।” पोस्ट में शेयर की गई तस्वीरों में दोनों के बेटे रुहान भी नजर आए।
मुश्किल दौर में एक-दूसरे का सहारा बना परिवार
दीपिका और शोएब की शादी 22 फरवरी 2018 को हुई थी। दोनों की मुलाकात टीवी शो ‘ससुराल सिमर का’ के सेट पर हुई थी, जहां दोस्ती प्यार में बदल गई। शादी के बाद दोनों कई बार सोशल मीडिया पर अपनी मजबूत बॉन्डिंग की झलक दिखाते रहे हैं।
पिछले कुछ महीनों से दीपिका स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही हैं। उनकी दो सर्जरी हो चुकी हैं और उनका इलाज जारी है। इसी दौरान शोएब के पिता की तबीयत भी बिगड़ गई थी, लेकिन अब उनकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है।
वर्कफ्रंट पर क्या कर रहे हैं दोनों?
दीपिका फिलहाल टीवी इंडस्ट्री से दूरी बनाए हुए हैं और अपना क्लोदिंग एवं जूलरी ब्रांड संभाल रही हैं। साथ ही वह यूट्यूब व्लॉग्स के जरिए फैंस से जुड़ी रहती हैं। दूसरी ओर शोएब इब्राहिम भी यूट्यूब पर सक्रिय हैं और अपना प्रोडक्शन हाउस चला रहे हैं। फिलहाल वह किसी टीवी शो का हिस्सा नहीं हैं।
