Moradabad Road Accident: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे घायल हो गए। मूंढापांडे-करनपुर मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे लगे पकौड़ी के ठेले में जा घुसी। ठेले को घसीटते हुए वाहन ने पास में खेल रहे पांच बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। बच्चों को बचाने की कोशिश में ठेला संचालक की 60 वर्षीय मां भी घायल हो गईं।
हादसे में एक साल की चित्रा और दो साल के अंश की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया।
बोलेरो ने ठेले को टक्कर मारकर बच्चों को कुचला
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मुड़िया भायपुर गांव निवासी सतपाल सड़क किनारे पकौड़ी का ठेला लगाते हैं। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे ठेले पर उनकी मां चम्मा देवी भी मौजूद थीं। इसी दौरान गांव के पांच बच्चे ठेले के पास खड़े थे और खेल रहे थे।
बताया गया कि करनपुर की ओर से तेज रफ्तार बोलेरो आई और सीधे ठेले में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो ठेले को कुछ दूर तक घसीटती चली गई। इसकी चपेट में पांचों बच्चे आ गए। बच्चों को बचाने के लिए दौड़ीं चम्मा देवी भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गईं।
हादसे में चित्रा और अंश की जान चली गई, जबकि इच्छा, महक और आयुष घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चालक को पकड़कर पीटा, पुलिस वाहन पर पथराव
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने बोलेरो चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। हालांकि, जब पुलिस उसे थाने ले जाने लगी तो महिलाएं पुलिस वाहन के सामने खड़ी हो गईं। ग्रामीणों ने डीएम और एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग की।
करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। आसपास के थानों से पुलिस बल बुलाया गया। देर शाम पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान पुलिस वाहन पर पथराव भी हुआ। बाद में पुलिस चालक को थाने ले गई और बोलेरो कब्जे में ले ली।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे में जान गंवाने वाले अंश का मंगलवार को दूसरा जन्मदिन था। परिवार में जहां जन्मदिन की खुशियां होनी थीं, वहां बच्चे की मौत से मातम छा गया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक, बोलेरो चालक को हिरासत में लिया गया है। वाहन भी कब्जे में है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
