Jamnagar Murder Case: उत्तर प्रदेश के चर्चित मेरठ नीला ड्रम कांड के बाद अब गुजरात के जामनगर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पृथ्वी नाम की महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति जिग्नेश मावडिया की हत्या कर दी और शव को कारखाने के फर्श के नीचे दफना दिया। इसके बाद वह करीब दो साल तक परिवार को यह कहकर गुमराह करती रही कि उसका पति ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है।
पार्टी के बहाने बुलाकर दी मौत
पुलिस के अनुसार, वारदात जामनगर के दरेड इलाके स्थित शिवम पार्क की है। जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी ने जिग्नेश को पार्टी के बहाने कारखाने में बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई गई और कथित तौर पर उसमें साइनाइड मिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने कारखाने के अंदर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।
एक सवाल ने खोल दिया राज
दो साल तक आरोपी महिला परिवार को अलग-अलग बहाने बनाकर टालती रही। मामला तब खुला जब परिवार का एक सदस्य ऑस्ट्रेलिया जाने वाला था और उसने जिग्नेश का पता व संपर्क नंबर मांगा। पत्नी लगातार बहाने बनाने लगी, जिससे परिजनों को शक हुआ। जब उन्होंने पुलिस में शिकायत की बात कही तो आरोपी घबरा गई और पूछताछ में कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।
खुदाई में मिले कंकाल के अवशेष
शिकायत मिलने के बाद पुलिस और कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कारखाने में खुदाई कराई गई। वहां से जिग्नेश के कंकाल के अवशेष बरामद हुए, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
पुलिस ने हत्या, सबूत मिटाने और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
