- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Unnao Accident: गणेश विसर्जन यात्रा में हुआ दर्दनाक हादसा, जनरेटर में फंसे...

Unnao Accident: गणेश विसर्जन यात्रा में हुआ दर्दनाक हादसा, जनरेटर में फंसे महिला के बाल

Unnao Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गंगाघाट के प्रेमनगर इलाके में शोभायात्रा के दौरान एक महिला के खुले बाल चलते जनरेटर के घूमते हिस्से में फंस गए। बाल तेजी से मशीन में लिपटते चले गए, जिससे सिर की खाल तक उखड़ गई। हादसे के बाद महिला मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। गंभीर हालत में उसे कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया।

शोभायात्रा के दौरान हुआ हादसा

- विज्ञापन -

जानकारी के मुताबिक, प्रेमनगर निवासी कल्लो सोनकर के घर के बाहर गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। रविवार को प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई थी। इसमें गांधी नगर निवासी उनकी भतीजी बच्चा सोनकर भी शामिल हुई थीं। श्रद्धालु गणेश प्रतिमा लेकर कानपुर के गोलाघाट की ओर जा रहे थे।

बताया गया कि शोभायात्रा नवीन पुल के पास पहुंची थी, तभी महिला के खुले बाल जनरेटर के घूमते शाफ्ट के आगे लगे हिस्से में फंस गए। देखते ही देखते बाल मशीन के घूमते हिस्से में लिपट गए और सिर की त्वचा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद यात्रा में अफरा-तफरी मच गई।

हालत गंभीर, लखनऊ रेफर

घटना के बाद महिला को तत्काल कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक महिला के पति लखनऊ में निजी नौकरी करते हैं और उनके एक बेटा और एक बेटी हैं।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे हादसे

मशीन या झूले में बाल फंसने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। वर्ष 2024 में कन्नौज में मेले के झूले में एक किशोरी के बाल फंस गए थे, जिससे उसके सिर की त्वचा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके अलावा महाराष्ट्र और शामली में भी झूले में बाल फंसने से महिलाओं और बच्चियों के घायल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

- विज्ञापन -
Exit mobile version