Traffic Diversion: लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत के चलते लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। रविवार दोपहर से गदनखेड़ा और आजाद मार्ग चौराहे पर बैरिकेडिंग कर डायवर्जन लागू किया गया।
पुल की मरम्मत के दौरान करीब 90 दिनों तक भारी वाहन पुराने रास्ते से सीधे कानपुर नहीं जा सकेंगे। कार और बाइक के लिए सीमित रास्ता खुला रखा गया है।
गदनखेड़ा से रायबरेली रोड की ओर मोड़े जा रहे वाहन
लखनऊ की तरफ से कानपुर जाने वाले भारी वाहनों को गदनखेड़ा चौराहे से रायबरेली रोड की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। इसके बाद वाहन बिहार होते हुए बक्सर पुल, फतेहपुर और आगे एनएच-19 के रास्ते कानपुर पहुंचेंगे।
इस रूट से भारी वाहनों को करीब 80 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे गदनखेड़ा और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक दबाव बढ़ गया है।
डायवर्जन के पहले दिन लगा जाम
डायवर्जन लागू होने के दौरान आजाद मार्ग पर करीब एक घंटे तक भारी जाम की स्थिति बनी। पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को वापस मोड़ा और निर्धारित रूट पर भेजा।
गदनखेड़ा चौराहे पर भी भारी वाहनों की कतार देखने को मिली। कुछ वाहनों के खराब होने से परेशानी बढ़ी, हालांकि एनएचएआई की क्रेन की मदद से खराब वाहनों को रास्ते से हटाया गया।
धानीखेड़ा में भी बढ़ा ट्रैफिक दबाव
रायबरेली रोड से बक्सर की ओर जाने वाले भारी वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण धानीखेड़ा के पास भी जाम की स्थिति बनी। पुलिस ने वाहनों को आगे बढ़ाकर यातायात सामान्य कराया। फुटपाथ पर लगे कुछ दुकानदारों को भी हटाया गया ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो।
इन वाहनों के लिए भी बदला रूट
लखनऊ से कानपुर जाने वाले भारी वाहनों के अलावा उन्नाव से औरैया और इटावा जाने वाले वाहन भी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं बांदा और महोबा जाने वाले भारी वाहनों के लिए रायबरेली-लालगंज-फतेहपुर वाला रास्ता निर्धारित किया गया है।
एनएचएआई ने प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए हैं, जिन पर वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग की जानकारी दी जा रही है।
कब तक रहेगा डायवर्जन?
जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत पूरी होने तक यह व्यवस्था जारी रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक करीब तीन महीने तक भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। मरम्मत पूरी होने के बाद ही लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सामान्य आवागमन बहाल किया जाएगा।
