Vande Bharat Sleeper: उत्तर प्रदेश को रेलवे की नई सौगात मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन से पूर्वी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा। यात्रियों को रात में सफर करके अगली सुबह दिल्ली पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
इन 5 स्टेशनों पर होगा ठहराव
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में रुकेगी। इससे इन शहरों के यात्रियों को भी दिल्ली और वाराणसी के बीच तेज रफ्तार ट्रेन का विकल्प मिलेगा। ट्रेन खासतौर पर तीर्थयात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और परिवारों के लिए सुविधाजनक हो सकती है।
जानिए ट्रेन का समय और साप्ताहिक शेड्यूल
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलकर सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। वाराणसी से शुक्रवार और नई दिल्ली से शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा। रेलवे मंत्रालय के अनुसार, शिवगंगा एक्सप्रेस की तुलना में यह वाराणसी से दिल्ली पहुंचने में 55 मिनट और वापसी में 35 मिनट कम समय लेगी।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
वंदे भारत स्लीपर में आरामदायक बर्थ, बेहतर सस्पेंशन और शोर कम करने की तकनीक दी गई है। मोबाइल और लैपटॉप चार्ज करने के लिए USB टाइप-A, टाइप-C और तीन-पिन सॉकेट उपलब्ध होंगे।
सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, धुआं और आग का पता लगाने वाले उपकरण, आपातकालीन अलार्म और टक्कर रोकने वाली कवच (TCAS) प्रणाली दी गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ और अनुकूल शौचालय भी बनाए गए हैं।
फर्स्ट AC में गर्म पानी से नहाने की सुविधा
ट्रेन के फर्स्ट AC कोच में शॉवर की सुविधा दी गई है। इसमें गर्म पानी से नहाने की व्यवस्था भी होगी। रेलवे का उद्देश्य लंबी दूरी की रात की यात्रा को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बनाना है।
