- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Prayagraj प्रयागराज में आकाशीय बिजली का कहर, अमरूद के पेड़ के नीचे खड़े...

प्रयागराज में आकाशीय बिजली का कहर, अमरूद के पेड़ के नीचे खड़े 2 लोगों की मौत, 6 गंभीर घायल

Prayagraj Lightning Strike: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सोमवार देर शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। सोरांव थाना क्षेत्र के रघुवंशपुर उर्फ रेरुआ गांव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बकरी चराने गए थे सभी लोग

- विज्ञापन -

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान रघुवंशपुर निवासी संजीत कुमार (48) और बैरहना सम्हई निवासी नागेश कुमार (40) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों अन्य ग्रामीणों के साथ बकरियां चराने गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास के एक अमरूद के बाग में पेड़ के नीचे खड़े हो गए।

तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उसी पेड़ पर गिर गई। इसकी चपेट में आने से संजीत कुमार और नागेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

छह लोग अस्पताल में भर्ती

हादसे में सोनू, अजय कुमार, अंजय, राज कुमार, खुन्नू मिश्र समेत छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन ने दिया सहायता का भरोसा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है।

मौसम विभाग की सलाह

मानसून के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि गरज-चमक के समय खुले मैदान, खेत या किसी पेड़ के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में शरण लेना ही सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है।

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version