सीमा सुरक्षा बल (BSF) की महिला जवान विनीता कुशवाहा का जम्मू-कश्मीर के राजौरी में निधन हो गया। बताया गया कि शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार को उनका पार्थिव शरीर उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के मदनापुर क्षेत्र स्थित पैतृक गांव धिंयरई बरुआ लाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई
पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। बीएसएफ और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में विनीता कुशवाहा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
2015 में हुई थी बीएसएफ में भर्ती
विनीता कुशवाहा वर्ष 2015 में बीएसएफ में कॉन्स्टेबल पद पर भर्ती हुई थीं। उन्होंने जलालाबाद स्थित प्रेम किशन खन्ना महाविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सुरक्षा बल में अपनी सेवा शुरू की थी। वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में थी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विनीता ने वर्ष 2018 में पीलीभीत के बिलसंडा निवासी अजीत कुमार से प्रेम विवाह किया था। उनके परिवार में पति के अलावा छह वर्षीय बेटी अंशिका और चार वर्षीय बेटा आयांश हैं। दोनों बच्चे राजौरी में अपनी मां के साथ ही रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, विनीता पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थीं और पूरे परिवार की लाडली थीं।
हार्ट अटैक से हुई मौत
चचेरे भाई अरविंद ने बताया कि विनीता को सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उनकी हृदयगति रुक गई। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। उनके असमय निधन से पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर है।
