- विज्ञापन -
Home भारत Selfie Accident: महाराष्ट्र में सेल्फी बनी मौत की वजह, दोस्त को बचाने...

Selfie Accident: महाराष्ट्र में सेल्फी बनी मौत की वजह, दोस्त को बचाने गए दो और युवक भी गहरे पानी में डूबे

महाराष्ट्र के अमलनेर से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सेल्फी लेने के दौरान तीन सगे दोस्तों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक दोस्त का पैर फिसलकर गहरे पानी में गिर गया और उसे बचाने की कोशिश में बाकी दो दोस्त भी पानी में समा गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कैसे हुआ हादसा?

- विज्ञापन -

यह घटना अमलनेर के चोपड़ा रोड स्थित फ्लाईओवर के पास हुई। मंगलवार शाम को मानव रतनानी, कार्तिक उधवानी और दिनेश पंजवानी घूमने निकले थे। वहां एक गहरी खदान में पानी भरा हुआ था। तीनों युवक ऊंचे हिस्से पर जाकर मोबाइल से ग्रुप सेल्फी लेने लगे।

इसी दौरान अचानक एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर पड़ा। उसे डूबता देख दूसरे दोस्त ने उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की। फिर तीसरे दोस्त ने भी दोनों को बचाने के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और तीनों करीब 30 फीट गहरे पानी में जा गिरे।

मदद पहुंची, लेकिन देर हो चुकी थी

घटना को पास से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा चालक ने देखा। उसने तुरंत शोर मचाकर लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रय कारंडे, तहसीलदार सीयू पाटील और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

हालांकि, तब तक तीनों युवक पानी में डूब चुके थे। बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

इलाके में पसरा मातम

एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से अमलनेर में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि कुछ सेकंड की लापरवाही ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं।

- विज्ञापन -
Exit mobile version