- विज्ञापन -
Home Trending बेहतर भविष्य के सपने लेकर पहुंचे थे अमेरिका, होटल की भीषण आग...

बेहतर भविष्य के सपने लेकर पहुंचे थे अमेरिका, होटल की भीषण आग ने पलभर में उजाड़ दिया गुजरात का पूरा परिवार

Gujrat News:  मैसाचुसेट्स के वूस्टर शहर स्थित इकोनो लॉज मोटल में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल में रहने वाले कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में गुजरात के खेड़ा जिले के नडियाद निवासी हितेशभाई सुथार, उनकी पत्नी हिनाबेन सुथार और बेटी ईशानी सुथार की जान चली गई।बताया जा रहा है कि परिवार कुछ साल पहले बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर अमेरिका गया था और वहीं रहकर काम कर रहा था।

मदद के लिए किया फोन, लेकिन नहीं बच सकी जान

- विज्ञापन -

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आग लगने के बाद हितेशभाई ने होटल के फ्रंट डेस्क पर फोन कर बताया कि उनका परिवार कमरे में फंस गया है और बाहर निकलना संभव नहीं है। होटल स्टाफ ने तुरंत 911 पर कॉल कर दमकल विभाग को सूचना दी।हालांकि, आग और धुएं ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

होटल कर्मचारी ने सुनाई दिल दहला देने वाली कहानी

होटल की कर्मचारी अप्रैल ग्रेज़र ने बताया कि अलार्म बजने के बाद उन्हें कमरे से लगातार मदद की आवाजें सुनाई दे रही थीं। उन्होंने कहा कि फोन पर परिवार की चीखें आज भी उनके कानों में गूंज रही हैं।ग्रेज़र के मुताबिक, सुथार परिवार होटल के कर्मचारियों के बेहद करीब था और सभी उन्हें अपने परिवार जैसा मानते थे। इस हादसे ने पूरे स्टाफ को गहरे सदमे में डाल दिया है।

दमकल विभाग ने कई बार किया रेस्क्यू

वूस्टर फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब होटल की छत से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। कई कमरों में आग फैल चुकी थी और अंदर घना धुआं भरा हुआ था।दमकल कर्मियों ने कई बार अंदर जाकर लोगों को निकालने की कोशिश की, लेकिन हालात इतने खराब थे कि सुथार परिवार तक पहुंचना संभव नहीं हो पाया।

आग लगने की वजह की जांच जारी

फिलहाल अधिकारियों ने आग लगने की वजह का खुलासा नहीं किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आग कैसे लगी और इतनी तेजी से पूरे होटल में कैसे फैल गई।इस दुखद घटना के बाद अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय के साथ-साथ गुजरात के नडियाद में भी शोक की लहर है। हर कोई इस परिवार की असमय मौत पर दुख जता रहा है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version