NEET-UG 2026 : पेपर लीक मामले में सीबीआई की जांच लगातार गहराती जा रही है। जांच एजेंसी ने इस मामले में दूसरी बड़ी गिरफ्तारी करते हुए पुणे की बॉटनी टीचर Manisha Gurunath Mandhare को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा से कुछ हफ्ते पहले ही छात्रों को वही सवाल पढ़ाए, जो बाद में असली परीक्षा में पूछे गए।सीबीआई के मुताबिक, मनीषा मंदारे को National Testing Agency यानी NTA ने विशेषज्ञ के तौर पर पेपर सेटिंग कमेटी में शामिल किया था। इस वजह से उन्हें बॉटनी और जूलॉजी सेक्शन तक सीधी पहुंच मिली हुई थी। जांच अधिकारियों का कहना है कि पहली बार पेपर लीक का लिंक सीधे NTA सिस्टम के अंदर से मिला है।
छात्रों को करवाई गई थी खास तैयारी
जांच एजेंसी के अनुसार, अप्रैल महीने में पुणे स्थित अपने घर पर मंदारे ने कुछ चुनिंदा छात्रों के लिए स्पेशल क्लास चलाई थी। इन क्लास में उन्होंने ऐसे सवाल समझाए और लिखवाए, जो बाद में 3 मई को हुई NEET-UG परीक्षा में पूछे गए।बताया गया कि छात्रों को उनके पास सह-आरोपी Manisha Waghmare लेकर आई थीं। वाघमारे पुणे में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं और उन्हें भी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई का दावा है कि छात्रों को सवाल नोटबुक में लिखने और किताबों में मार्क करने को कहा गया था।
दो अलग-अलग सेट में लीक हुआ पेपर
सीबीआई जांच में यह भी सामने आया है कि लीक हुए पेपर के दो अलग-अलग सेट थे। एक हाथ से लिखा हुआ था, जबकि दूसरा टाइप किया गया दस्तावेज था। जांच एजेंसी का कहना है कि रिटायर्ड केमिस्ट्री लेक्चरर PV Kulkarni ने केमिस्ट्री सेक्शन लीक किया, जबकि मंदारे पर बायोलॉजी सेक्शन लीक करने का आरोप है।जांचकर्ताओं के मुताबिक कुलकर्णी ने भी पुणे स्थित अपने घर पर छात्रों के लिए स्पेशल क्लास ली थीं। वहां छात्रों ने सवाल और उनके जवाब कॉपी किए, जो बाद में असली परीक्षा से पूरी तरह मेल खाते पाए गए।
Telegram ग्रुप से फैला पेपर
जांच में यह भी पता चला है कि लीक हुआ पेपर कई राज्यों में बिचौलियों के जरिए छात्रों तक पहुंचाया गया। करीब 500 से 600 सवालों वाली एक PDF फाइल Telegram ग्रुप्स में शेयर की गई थी।सीबीआई के अनुसार, नासिक के शुभम खैरनार ने यह सामग्री गुरुग्राम के यश यादव को भेजी। इसके बाद यह जयपुर के मांगीलाल बीवाल तक पहुंची, जिसे कथित तौर पर 10 लाख रुपये में बेचा गया था। आरोप है कि उन्हें भरोसा दिया गया था कि लगभग 150 सवाल असली पेपर से मिलेंगे।
नौ आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने छह अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और अन्य अहम सामान जब्त किया है। अब तक पांच राज्यों से नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।इनमें पुणे से मंदारे, कुलकर्णी और वाघमारे, नासिक से शुभम खैरनार, जयपुर से मांगीलाल बीवाल समेत अन्य आरोपी शामिल हैं। कोर्ट ने कुलकर्णी और वाघमारे को 10 दिन की सीबीआई कस्टडी में भेज दिया है।
