Delhi News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पिछले छह दिनों से अनशन पर बैठे वांगचुक ने मंच से लोगों से ऐसी अपील की, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
‘ठूंस-ठूंसकर खाना’ देख जताई नाराजगी
सोनम वांगचुक ने मंच से कहा कि आंदोलन के समर्थन में आने वाले कई लोग वहीं बैठकर खाना खाते नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि यह देखकर उन्हें दुख होता है। वांगचुक का मानना है कि यदि कोई आंदोलन के समर्थन में आता है तो उसे कम से कम एक दिन का सांकेतिक अनशन जरूर करना चाहिए।
उन्होंने लोगों से कहा कि दिनभर उपवास रखें और चाहें तो शाम को भोजन करें। इससे आंदोलन के प्रति एकजुटता भी दिखाई देगी और अनशन कर रहे लोगों का मनोबल भी बढ़ेगा।
अनशन के फायदे भी गिनाए
अपने संबोधन के दौरान सोनम वांगचुक ने अनशन के स्वास्थ्य लाभों का भी जिक्र किया। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि जो लोग लगातार खाते रहते हैं, वे मोटापे और बीमारियों का शिकार हो सकते हैं, जबकि समय-समय पर उपवास शरीर के लिए फायदेमंद हो सकता है।
हालांकि उनका यह बयान सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाओं के साथ वायरल हो रहा है। कुछ लोगों ने उनकी बात का समर्थन किया, तो कुछ ने इसे विवादित भी बताया।
किस मुद्दे को लेकर हो रहा है प्रदर्शन?
यह प्रदर्शन NEET पेपर लीक मामले को लेकर आयोजित किया जा रहा है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना और अनशन कर रहे हैं। उनके साथ सोनम वांगचुक और कई छात्र भी इस आंदोलन में शामिल हैं।
प्रदर्शन स्थल पर बड़ी भीड़ नहीं दिखाई दे रही, लेकिन सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो और रील्स लगातार वायरल हो रहे हैं। वहीं, प्रदर्शन में आने वाले लोगों के लिए कुछ स्वयंसेवकों द्वारा भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है, जिस पर सोनम वांगचुक ने अपनी चिंता जाहिर की।
लोगों से की देशभर में अनशन की अपील
सोनम वांगचुक ने कहा कि जो लोग जंतर-मंतर नहीं आ सकते, वे अपने शहर, गांव या घर पर भी एक दिन का अनशन रख सकते हैं। उन्होंने लोगों से इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताने की भी अपील की।उनका कहना है कि आंदोलन केवल मौके पर पहुंचने से नहीं, बल्कि उसके उद्देश्य के साथ खड़े होने से मजबूत होता है।
