BRICS gala dinner:राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार 12 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेताओं के लिए आयोजित गाला डिनर में शामिल नहीं हुए। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।
चीनी राष्ट्रपति के डिनर में शामिल नहीं होने की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी। हालांकि एक सूत्र ने बताया कि शी जिनपिंग आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का रविवार को अंतिम दिन है।
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस भी रात्रिभोज में नहीं हुए शामिल
दिन में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी संयुक्त अरब अमीरात वापस लौट गए। वह भी प्रधानमंत्री मोदी की ओर से आयोजित इस खास रात्रिभोज में मौजूद नहीं थे।
इसके विपरीत रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत ब्रिक्स के कई नेता गाला डिनर में शामिल हुए और भारतीय मेजबानी का हिस्सा बने।
अमित शाह राज्यों के मुख्यमंत्री भी पहुंचे
गाला डिनर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी रात्रिभोज में शामिल हुए।
डिनर में भारतीय स्वाद के साथ परोसे गए खास व्यंजन
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित रात्रिभोज में मेहमानों के लिए खास भारतीय व्यंजनों का इंतजाम किया गया था। खाने में खंडवी मिले-फ्यूइल, खुंब गलौटी, पनीर लबाबदार, गुच्ची मार्मिक, गाजर-बीन पोरियल और बाजरा-पुलाव शामिल थे।
मीठे में पुरानी दिल्ली की फ्रूट क्रीम के साथ जलेबी और शहतूत फिरनी परोसी गई। मेन्यू में पारंपरिक भारतीय स्वाद के साथ अलग-अलग क्षेत्रों के व्यंजनों को भी जगह दी गई।
ब्रिक्स सम्मेलन में 11 सदस्य और 10 साझेदार देशों के नेता पहुंचे
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों के नेताओं के अलावा कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं।
शी जिनपिंग शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने सम्मेलन में भाग लेने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय मुलाकात भी की। दोनों नेताओं के बीच भारत-चीन संबंधों समेत कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई।
रविवार को सम्मेलन खत्म होने के बाद चीन रवाना होंगे शी जिनपिंग
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग रविवार को ब्रिक्स सम्मेलन के अंतिम दिन की गतिविधियों में शामिल होंगे। इसके बाद वह करीब 11 बजे नई दिल्ली से चीन के लिए रवाना होने वाले हैं।
गाला डिनर से उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद शनिवार को मोदी-जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक ब्रिक्स सम्मेलन के प्रमुख कूटनीतिक घटनाक्रमों में रही।
