- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Noida Noida International Airport से लखनऊ के लिए नियमित उड़ानें शुरू, पहले दिन...

Noida International Airport से लखनऊ के लिए नियमित उड़ानें शुरू, पहले दिन ही अधिकांश सीटें बुक

उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और लखनऊ के बीच नियमित हवाई सेवा बुधवार से शुरू हो गई है। नई उड़ानों के शुरू होने से खासतौर पर ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यात्रा करने वाले लोगों को अब दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

- विज्ञापन -

इंडिगो द्वारा संचालित इस रूट पर फिलहाल रोजाना चार उड़ानों का संचालन किया जाएगा। इनमें दो उड़ानें लखनऊ से नोएडा और दो नोएडा से लखनऊ के बीच चलेंगी। पहले ही दिन यात्रियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ से नोएडा जाने वाली पहली फ्लाइट की 76 में से 72 सीटें पहले ही बुक हो चुकी थीं, जबकि वापसी की फ्लाइट में 74 सीटों की बुकिंग हो गई।

सुबह की उड़ानों को सबसे ज्यादा पसंद

एयरलाइन के अनुसार यात्रियों के बीच सुबह की उड़ानों की मांग सबसे अधिक है। पहली उड़ान 6E 7624 सुबह 6:00 बजे नोएडा से रवाना होकर 7:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वहीं 6E 7625 सुबह 7:40 बजे लखनऊ से उड़ान भरकर 8:55 बजे नोएडा पहुंचेगी।

इसके अलावा दोपहर में 6E 7628 दोपहर 3:05 बजे नोएडा से उड़ान भरकर 4:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी। रात की उड़ान 6E 7629 9:35 बजे लखनऊ से रवाना होकर 10:50 बजे नोएडा पहुंचेगी।

कई नए शहरों से भी बढ़ी कनेक्टिविटी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का विस्तार लगातार किया जा रहा है। बुधवार से लखनऊ के अलावा जयपुर, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, देहरादून, पंतनगर, चंडीगढ़, बरेली और किशनगढ़ के लिए भी सेवाएं शुरू की गई हैं। बरेली और किशनगढ़ के लिए निर्धारित दिनों पर उड़ानें संचालित होंगी, जबकि अन्य शहरों के लिए नियमित सेवा उपलब्ध रहेगी।

आधुनिक नेविगेशन सिस्टम से मिलेगी सुविधा

एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक नेविगेशन सिस्टम भी स्थापित किया गया है, जिससे घने कोहरे और कम दृश्यता के दौरान भी विमान सुरक्षित रूप से टेकऑफ और लैंडिंग कर सकेंगे। अधिकारियों का मानना है कि नई उड़ानों से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच हवाई संपर्क मजबूत होगा। इससे पर्यटन, व्यापार और निवेश गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version