- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Uttar Pradesh: यूपी में 17 सितंबर से शुरू होगा एक महीने का...

Uttar Pradesh: यूपी में 17 सितंबर से शुरू होगा एक महीने का अभियान, विकास कार्यों और योजनाओं की दिखेगी तस्वीर

Seva Sankalp Abhiyan: उत्तर प्रदेश सरकार अपने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को जनता तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इसकी कार्ययोजना तैयार की गई है।

- विज्ञापन -

अभियान के दौरान प्रदेशभर में 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में हुए विकास और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की जानकारी सामने रखी जाएगी।

विधानसभा से ग्राम पंचायत तक जुटेगा डेटा

अभियान के लिए विभागों को अपनी प्रमुख परियोजनाओं और विकास कार्यों का विस्तृत ब्योरा तैयार करना होगा। यह जानकारी विधानसभा क्षेत्र, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक जुटाई जाएगी। योजनाओं के लाभार्थियों का डेटा भी तैयार किया जाएगा।

विकास कार्यों से पहले और बाद में हुए बदलाव को दिखाने के लिए फोटो और वीडियो भी एकत्र किए जाएंगे। इससे परियोजनाओं की प्रगति को दृश्य रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है।

CMIS पोर्टल पर रोज होगी रिपोर्टिंग

अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रोजाना रिपोर्टिंग CMIS पोर्टल पर करनी होगी। इसमें फोटो और वीडियो के साथ ड्रोन फुटेज और रील्स का डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।

जिलों को कार्यक्रमों की समय-सारणी, स्थल, यात्रा मार्ग और व्यवस्थापन टीम पहले से तय करने के निर्देश दिए गए हैं।

हर सप्ताह होगी अभियान की समीक्षा

12 प्रमुख कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। विभागों को कार्ययोजना और समय-सारणी तैयार करने के साथ आवश्यक बजट की व्यवस्था भी पहले से करने को कहा गया है।

अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। मंडलायुक्त और जिलाधिकारी साप्ताहिक समीक्षा करेंगे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी रोजाना गतिविधियों पर नजर रखेंगे। अभियान के जरिए विकास कार्यों और योजनाओं के असर को सामने रखने के साथ ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version