Blood Pressure Check: हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन आज एक आम स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है। इसकी सबसे बड़ी परेशानी यह है कि कई बार इसके कोई साफ लक्षण दिखाई नहीं देते। व्यक्ति सामान्य महसूस करता रहता है, लेकिन शरीर के अंदर ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ हो सकता है। लंबे समय तक हाई बीपी रहने पर दिल की बीमारी, स्ट्रोक, आंखों से जुड़ी परेशानी और डिमेंशिया जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच करना जरूरी है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि बीपी चेक करने का तरीका भी रीडिंग को प्रभावित कर सकता है? WHO के मुताबिक, कुछ छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर ब्लड प्रेशर की ज्यादा सही रीडिंग ली जा सकती है।
बीपी नापते समय सही तरीके से बैठना जरूरी
ब्लड प्रेशर चेक करते समय कुर्सी पर सीधे और आरामदायक तरीके से बैठें। पीठ को कुर्सी का सहारा दें और दोनों पैर जमीन पर सीधे रखें। पैरों को क्रॉस करके बैठने से बचें।
जिस हाथ में बीपी कफ लगाया जा रहा है, उसे टेबल या किसी सपोर्ट पर आराम से रखें। हाथ की स्थिति ऐसी होनी चाहिए कि कफ दिल के स्तर के आसपास रहे।
BP चेक करने से पहले 5 मिनट आराम करें
जल्दबाजी में बीपी नापना सही नहीं है। जांच से पहले कम से कम 5 मिनट शांत होकर बैठें। चलते-फिरते या सीढ़ियां चढ़ने के तुरंत बाद बीपी चेक करने पर रीडिंग प्रभावित हो सकती है।
बीपी मापते समय बातचीत करने से भी बचें। अगर एक से ज्यादा रीडिंग ली जा रही है, तो उनके बीच भी शांत रहें।
चाय-कॉफी और एक्सरसाइज से रखें दूरी
सही रीडिंग के लिए बीपी चेक करने से कम से कम 30 मिनट पहले एक्सरसाइज, चाय-कॉफी और धूम्रपान से बचना चाहिए। इन गतिविधियों का असर ब्लड प्रेशर पर पड़ सकता है और मशीन पर सामान्य से अलग रीडिंग आ सकती है।
गलत कफ साइज भी बिगाड़ सकता है रीडिंग
बीपी मशीन का कफ सही आकार का होना बेहद जरूरी है। व्यक्ति की ऊपरी बांह के आकार के अनुसार कफ चुनना चाहिए। बहुत छोटा या बहुत बड़ा कफ ब्लड प्रेशर की रीडिंग को प्रभावित कर सकता है।
कफ को नंगे हाथ पर या कपड़ों की बहुत पतली परत के ऊपर लगाया जा सकता है। कपड़ों की मोटी परत को मोड़कर उसके ऊपर कफ लगाने से बचें।
रीडिंग को राउंड ऑफ न करें
मशीन पर जो सटीक संख्या दिखाई दे, उसे उसी तरह नोट करें। अपनी सुविधा के लिए रीडिंग को ऊपर या नीचे करके राउंड ऑफ न करें। 18 साल या उससे अधिक उम्र के वयस्कों के लिए समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच करना महत्वपूर्ण है।
