- विज्ञापन -
Home Health Health News: मुंह सूखना और मसूड़ों में सूजन? डायबिटीज हो सकती है...

Health News: मुंह सूखना और मसूड़ों में सूजन? डायबिटीज हो सकती है बड़ी वजह, एक्सपर्ट से जानिए बचाव के तरीके

Health News: डायबिटीज सिर्फ ब्लड शुगर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर के कई अंगों को प्रभावित कर सकती है। इनमें दांत और मसूड़े भी शामिल हैं। अक्सर लोग आंखों, किडनी और दिल की जांच तो नियमित रूप से कराते हैं, लेकिन ओरल हेल्थ को नजरअंदाज कर देते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक ब्लड शुगर का स्तर बढ़ा रहने से दांतों और मसूड़ों से जुड़ी समस्याओं का खतरा काफी बढ़ जाता है।

डायबिटीज और ओरल हेल्थ का क्या है संबंध?

- विज्ञापन -

नई दिल्ली के PSRI Hospital की सीनियर कंसल्टेंट डेंटिस्ट डॉ. विभूति जैन के अनुसार, डायबिटीज का सीधा असर मुंह की सेहत पर पड़ता है। जब ब्लड शुगर लगातार हाई रहती है, तो मुंह में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया तेजी से बढ़ने लगते हैं। ये बैक्टीरिया दांतों पर प्लाक की परत बनाते हैं, जो आगे चलकर मसूड़ों में सूजन और संक्रमण का कारण बन सकती है।

हाई ब्लड शुगर से कैसे कमजोर होते हैं दांत?

डॉ. जैन बताती हैं कि डायबिटीज के मरीजों में शुरुआत में मसूड़ों में लालिमा, सूजन और ब्रश करते समय खून आने जैसी समस्याएं दिखाई दे सकती हैं। अगर इन संकेतों को नजरअंदाज किया जाए, तो संक्रमण बढ़ सकता है और दांतों को सहारा देने वाले टिश्यू कमजोर होने लगते हैं। इससे दांत हिलने या टूटने तक की नौबत आ सकती है।

मसूड़ों की बीमारी का खतरा क्यों बढ़ जाता है?

डायबिटीज के मरीजों में जिंजिवाइटिस और पीरियोडोंटाइटिस जैसी समस्याएं आम हैं। पीरियोडोंटाइटिस मसूड़ों का गंभीर संक्रमण है, जो दांतों को पकड़कर रखने वाली हड्डियों और ऊतकों को नुकसान पहुंचाता है।विशेषज्ञों का कहना है कि यह एक दोतरफा संबंध है। यानी जहां डायबिटीज मसूड़ों की बीमारी को बढ़ाती है, वहीं मसूड़ों का संक्रमण ब्लड शुगर को नियंत्रित करना भी मुश्किल बना सकता है। इसलिए दोनों समस्याओं का समय पर इलाज जरूरी है।

मुंह सूखने की समस्या भी बढ़ाती है जोखिम

कई डायबिटीज मरीजों को मुंह सूखने की शिकायत रहती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शरीर में लार का उत्पादन कम हो जाता है। लार दांतों और मसूड़ों की प्राकृतिक सुरक्षा करती है। जब इसकी मात्रा घटती है, तो बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं और फंगल इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है।

दांतों और मसूड़ों को स्वस्थ रखने के आसान उपाय

डायबिटीज के मरीज कुछ आसान आदतों को अपनाकर अपने दांतों और मसूड़ों को सुरक्षित रख सकते हैं।ब्लड शुगर को नियंत्रित रखें,दिन में दो बार फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट से ब्रश करें,रोजाना फ्लॉस का इस्तेमाल करें,पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं,तंबाकू और धूम्रपान से दूरी बनाएं,संतुलित आहार लें और नियमित व्यायाम करें,हर छह महीने में एक बार डेंटल चेकअप जरूर करवाएं।

- विज्ञापन -
Exit mobile version