- विज्ञापन -
Home Health Polio Campaign: 28 जून से शुरू होगा विशेष पोलियो अभियान, अधिकारियों...

Polio Campaign: 28 जून से शुरू होगा विशेष पोलियो अभियान, अधिकारियों की भी होगी जवाबदेही, हज़ारों टीमें तैयार

Vaccination Program: पोलियो वायरस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आगामी विशेष पोलियो अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। 28 जून से शुरू होने वाले इस अभियान में पहली बार केवल आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और शिक्षकों पर निर्भर रहने के बजाय विभागीय अधिकारियों को भी सक्रिय जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अभियान के दौरान बूथ स्तर से लेकर घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने तक की प्रक्रिया की निगरानी अधिकारी स्वयं करेंगे।

- विज्ञापन -

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सचिन चंद्र वैश्य ने बताया कि पोलियो वायरस की मौजूदगी सामने आने के बाद सरकार और स्वास्थ्य विभाग किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहते। इसी उद्देश्य से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसके तहत प्रत्येक क्षेत्र में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। अधिकारी अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।

सर्विलांस टीमें करेंगी विशेष निगरानी

स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस शाखा को भी अभियान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। विभाग की टीमें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी करेंगी तथा संभावित जोखिम वाले इलाकों का दौरा करेंगी। अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान क्षेत्रवार निगरानी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

डॉ. वैश्य ने बताया कि छह हजार से अधिक टीमों का गठन किया जा चुका है और उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस बार पोलियो की दवा से एक भी बच्चा नहीं छूटना चाहिए। यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा लापरवाही या काम में कोताही बरती गई तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

12 हाई रिस्क क्षेत्रों पर विशेष फोकस

पोलियो वायरस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने नौ जून से 12 हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष डोर-टू-डोर सर्वे शुरू किया था। यह सर्वे बुधवार को पूरा हो गया। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि अंतिम दिन कैला भट्टा क्षेत्र के 215 घरों का सर्वे किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने विजयनगर, लोनी, डासना, मुरादनगर, कैला भट्टा, मिर्जापुर, घूकना, डूंडाहेड़ा, राजनगर, शास्त्रीनगर, बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र और हिंडन विहार जैसे इलाकों को विशेष निगरानी क्षेत्र घोषित किया है।

सर्वे में 13,932 बच्चे मिले

सर्वे रिपोर्ट के अनुसार अब तक कुल 31,100 घरों का निरीक्षण किया गया है। इन घरों में शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 13,932 बच्चों की पहचान की गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कैला भट्टा जैसे क्षेत्रों में, जहां पहले पोलियो दवा को लेकर विरोध की घटनाएं सामने आती रही हैं, वहां भी कोई बच्चा पोलियो की खुराक या नियमित टीकाकरण से वंचित नहीं मिला।

- विज्ञापन -
Exit mobile version