Trending News: अमेरिका के टेक्सास से सामने आए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर Tesla की सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक Tesla Model 3 तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरी और सीधे एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। इस हादसे में घर के अंदर मौजूद 76 वर्षीय महिला मार्था अवीला मंटिला की मौत हो गई।परिवार के अनुसार, जिस जगह कार टकराई वह हिस्सा अक्सर बच्चों के खेलने के लिए इस्तेमाल होता था। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वहां कोई बच्चा मौजूद नहीं था, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
ड्राइवर ने बताया था चालू था ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय 44 वर्षीय माइकल बटलर Tesla चला रहे थे। दुर्घटना के बाद उन्होंने अधिकारियों को बताया कि कार का ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम चालू था। हालांकि जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि कार सामान्य ऑटोपायलट मोड पर थी या Tesla के एडवांस फुल सेल्फ-ड्राइविंग (FSD) सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा था।हादसे में माइकल बटलर भी घायल हुआ, लेकिन शुरुआती जांच में उसके नशे में होने के कोई संकेत नहीं मिले। पुलिस अधिकारियों के साथ वह लगातार सहयोग कर रहा है और मामले की जांच जारी है।
Elon Musk ने आरोपों पर दी प्रतिक्रिया
हादसे की चर्चा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेज होने के बाद Tesla के मालिक Elon Musk ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि Tesla का FSD सिस्टम रिहायशी इलाकों में गाड़ी की स्पीड को नियंत्रित रखता है और इतनी अधिक रफ्तार से चलने की अनुमति नहीं देता।मस्क के मुताबिक, यह दुर्घटना बहुत तेज स्पीड पर हुई, इसलिए केवल FSD सिस्टम को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं होगा।
Tesla AI चीफ ने साझा किए हादसे से जुड़े आंकड़े
Tesla के AI चीफ अशोक एलुस्वामी ने भी कंपनी का पक्ष रखते हुए दावा किया कि ड्राइवर ने खुद सेल्फ-ड्राइविंग सिस्टम को बंद कर मैन्युअल कंट्रोल ले लिया था। उनके अनुसार, ड्राइवर ने एक्सीलेटर को पूरी तरह दबा दिया था, जिससे कार की रफ्तार लगभग 73 मील प्रति घंटा यानी करीब 117 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि टक्कर होने तक एक्सीलेटर पैडल दबा हुआ था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और अभी तक ड्राइवर के खिलाफ कोई आधिकारिक आरोप तय नहीं किया गया है।
जांच के नतीजों पर टिकी सबकी नजर
Tesla की ऑटो-पायलट और FSD तकनीक को लेकर पहले भी कई बार बहस हो चुकी है। टेक्सास की इस घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगे हैं कि एडवांस ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम के इस्तेमाल के दौरान इंसानी जिम्मेदारी कितनी जरूरी है। पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हादसे की असली वजह क्या थी।
