spot_img
Tuesday, March 31, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़, 8 महिलाओं की मौत, कई श्रद्धालु जख्मी

Nalanda stampede: बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में स्थित मां शीतला मंदिर में मंगलवार को अचानक भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दो मृतकों की हुई पहचान

प्रशासन द्वारा अब तक दो मृतकों की पहचान कर ली गई है। इनमें सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50) और मथुरापुर (नूरसराय) निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45) शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

राहत और बचाव कार्य जारी, घायलों का इलाज

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।

शीतला अष्टमी पर उमड़ी थी भारी भीड़

मंगलवार को चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। यह मंदिर बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर मघड़ा गांव में स्थित है। शीतला अष्टमी के अवसर पर यहां विशेष पूजा होती है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होते हैं।

सीएम नीतीश कुमार ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। इसमें 4 लाख रुपये आपदा प्रबंधन विभाग और 2 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री ने भी जताया शोक

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस घटना पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करेगी।

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद मंदिर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे यह हादसा हुआ।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts