Mumbai News: मानवता और पुलिस वर्दी दोनों को कलंकित करने वाला मामला अकोला जिले से सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस थाने में बंद एक महिला कैदी से असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) राजेश जाधव ने शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने महिला की बेटी को भी रात भर अपने पास भेजने की गंदी डिमांड रखी।न्यायालय ने आरोपी ASI को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पैसों के लालच में अश्लील प्रस्ताव
जानकारी के मुताबिक, महिला को 80 लाख रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। ड्यूटी पर तैनात ASI राजेश जाधव ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महिला को 10 हजार रुपये देने का लालच दिया और बेहद अश्लील मांग रखी। उन्होंने महिला से कहा कि “तुम बहुत सुंदर हो, तुम्हारी बेटी भी सुंदर होगी। उसकी उम्र क्या है?”
वरिष्ठ अधिकारी की फटकार और वायरल वीडियो
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक वरिष्ठ अधिकारी को आरोपी ASI को फटकारते और थप्पड़ मारने की कोशिश करते देखा जा सकता है। जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने मामले की गंभीरता देखते हुए राजेश जाधव को तत्काल निलंबित कर दिया।
कोर्ट की सख्त कार्रवाई
न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजने का आदेश दिया है। इसके अलावा पीड़ित महिला के सामने आरोपी की शिनाख्त परेड भी कराई जाएगी, जो तहसीलदार की मौजूदगी में जेल परिसर में होगी।
पहले भी विवादों में रहे ASI
महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य डॉ. आशा मिर्गी ने बताया कि यह जाधव के खिलाफ पहली शिकायत नहीं है। करीब एक दशक पहले भी उनके खिलाफ पारिवारिक झगड़े और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के मामले सामने आए थे। उनका कहना है कि जब सुरक्षा में लगे लोग ही शिकारी बन जाएं, तो समाज की सुरक्षा का सवाल उठता है।
कानूनी प्रक्रिया और विभागीय जांच
पुलिस ने ASI राजेश जाधव के खिलाफ महिला की लज्जा भंग करने, छेड़छाड़ और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही विभागीय जांच भी तेज़ कर दी गई है ताकि दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा मिल सके।

