spot_img
सोमवार, सितम्बर 7, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

एक रुपया, 5 कपड़े और 1 किलो मिठाई… हरियाणा की महापंचायत ने शादी के लिए तय किए नए नियम

Haryana News: हरियाणा के पलवल जिले के गांव मंडकोला में रविवार को 36 बिरादरी और 52 पाल की बड़ी महापंचायत हुई। शादी-ब्याह और सामाजिक आयोजनों में बढ़ते दिखावे, दहेज और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के उद्देश्य से आयोजित इस महापंचायत में करीब 10 हजार लोग शामिल हुए। करीब चार घंटे चली बैठक में सामाजिक सुधार से जुड़े 22 अहम फैसलों पर सहमति बनी।

इन फैसलों का मुख्य उद्देश्य शादी और अन्य सामाजिक आयोजनों में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करना और परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को घटाना है।

एक रुपये में होगी सगाई, सिर्फ पांच लोग जा सकेंगे

महापंचायत में तय किया गया कि सगाई की रस्म को बेहद सादा रखा जाएगा। अब लड़के को सगाई में एक रुपया, पांच कपड़े और एक किलो मिठाई देने का फैसला किया गया है।

सगाई के लिए लड़की पक्ष से अधिकतम पांच लोग ही जा सकेंगे। इससे रस्म के नाम पर होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करने की कोशिश की गई है।

बारात में सिर्फ 51 लोग होंगे शामिल

शादी समारोह को लेकर भी कई नियम तय किए गए हैं। अब बारात में अधिकतम 51 लोगों के शामिल होने की बात कही गई है। विवाह समारोह में केवल शाकाहारी और सात्विक भोजन परोसने की अपील की गई है।

साथ ही बड़ी संख्या में व्यंजन और मिठाइयां बनाकर दिखावा करने से बचने का फैसला लिया गया है।

दहेज और महंगी गाड़ियों पर रोक

महापंचायत ने दहेज प्रथा के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया। कन्यादान के तौर पर अधिकतम 11 हजार रुपये देने की सीमा तय की गई है।

दहेज में लग्जरी कार, बड़ी नकद रकम या महंगा सामान देने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। आयोजकों का कहना है कि इससे शादी के नाम पर परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक दबाव को कम किया जा सकेगा।

शादी में DJ और शराब पर पूरी तरह पाबंदी

महापंचायत के फैसलों में शादी और निकाह दोनों में डीजे और शराब पर पूर्ण प्रतिबंध शामिल है। आयोजकों ने सामाजिक आयोजनों को सादगी और पारंपरिक तरीके से करने पर जोर दिया।

मृत्यु भोज पर रोक, जेवर की भी सीमा तय

महापंचायत ने मृत्यु के बाद होने वाले मृत्यु भोज पर भी रोक लगाने का फैसला किया। इसके अलावा शादी में जेवरात के लेन-देन की सीमा तय की गई है।

अब दो तोला से अधिक सोना और 100 ग्राम से अधिक चांदी देने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

महापंचायत में मंत्री और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे

मंडकोला में हुई महापंचायत में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, उत्तर प्रदेश के मंत्री लक्ष्मी नारायण, विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, आफताब अहमद और इसराइल समेत कई जनप्रतिनिधि और पूर्व मंत्री-विधायक शामिल हुए। करीब 10 हजार लोगों की मौजूदगी में इन सामाजिक सुधारों पर सहमति बनी।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts