spot_img
गुरूवार, सितम्बर 17, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

नई-नई शादी के बाद खज्जियार घूमने आया कपल, होटल में हुआ झगड़ा तो पति ने जला दी क्रेटा

Himanchal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के मशहूर पर्यटन स्थल खज्जियार में एक नवविवाहित कपल के बीच विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पंजाब के लुधियाना से पति-पत्नी अपने रिश्तेदारों के साथ घूमने पहुंचे थे। रात में होटल में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि पति ने कथित तौर पर होटल की पार्किंग में खड़ी अपनी क्रेटा कार में आग लगा दी।

होटल में ठहरे थे पति-पत्नी

जानकारी के मुताबिक, कपल की हाल ही में शादी हुई थी और वे परिवार के कुछ लोगों के साथ खज्जियार घूमने आए थे। सभी लोग एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बताया जा रहा है कि विवाद का संबंध दहेज में मिली क्रेटा कार से था।

विवाद बढ़ने के बाद पति कथित तौर पर होटल की पार्किंग में पहुंचा और कार में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आग लगाने की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पत्नी और साथ आए रिश्तेदारों से पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम और आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

होटल कर्मचारियों से भी मामले को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। चूंकि यह मामला निजी विवाद से जुड़ा है, इसलिए होटल स्टाफ ने भी घटना के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की।

पार्किंग में नहीं थी दूसरी कार

इस घटना में एक राहत वाली बात यह रही कि जिस समय कार में आग लगाई गई, उस वक्त पार्किंग में उसके आसपास कोई दूसरी गाड़ी नहीं खड़ी थी। अगर दूसरी गाड़ियां पास में होतीं तो आग फैलने से बड़ा नुकसान हो सकता था।

घटना के बाद होटल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।

आग का वीडियो भी सामने आया

घटना का करीब 30 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पार्किंग में खड़ी क्रेटा कार धधकती हुई दिखाई दे रही है। मौके पर मौजूद कुछ लोग दूसरों को आग के पास नहीं जाने के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पति-पत्नी के बीच विवाद की असली वजह क्या थी और कार में आग लगाने की घटना किस परिस्थितियों में हुई।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts