NHAI Local Toll Pass: अगर आपका घर किसी नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में है और आप रोजाना उसी रास्ते से सफर करते हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने RajmargYatra मोबाइल ऐप में नया डिजिटल लोकल पास फीचर शुरू किया है। इसके जरिए अब पात्र लोग बिना टोल प्लाजा जाए अपने मोबाइल से ही मंथली लोकल पास खरीद सकेंगे।
फिलहाल इस सुविधा की शुरुआत दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से की गई है। NHAI का कहना है कि आने वाले समय में इसे देश के अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा।
क्या है नया डिजिटल लोकल पास फीचर?
यह सुविधा उन लोगों के लिए तैयार की गई है जो रोजाना एक ही टोल प्लाजा से होकर नौकरी, कारोबार, पढ़ाई या अन्य जरूरी काम के लिए आते-जाते हैं। यदि आपका घर पात्र टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के भीतर है, तो आप ऐप के माध्यम से मासिक अनलिमिटेड ट्रैवल पास खरीद सकते हैं।
पहले इस पास के लिए टोल प्लाजा जाकर दस्तावेज जमा करने पड़ते थे, लेकिन अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है।
ऐसे होगा ऑनलाइन वेरिफिकेशन
RajmargYatra ऐप आपकी अनुमति मिलने पर DigiLocker, VAHAN और FASTag से संबंधित जानकारी स्वतः प्राप्त करेगा। इसके बाद GIS आधारित लोकेशन वेरिफिकेशन के जरिए यह जांच होगी कि आपका घर संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के भीतर है या नहीं।
यदि आप पात्र पाए जाते हैं, तो कुछ ही मिनटों में ऐप से लोकल पास खरीद सकेंगे।
MargMitra AI करेगा आपकी मदद
NHAI ने ऐप में MargMitra नाम का AI आधारित हेल्प सेंटर भी जोड़ा है। इसकी खास बात यह है कि इसमें भारत की 22 अनुसूचित भाषाओं में सवाल पूछे जा सकते हैं।
अगर FASTag रिचार्ज, KYC, रिफंड, लोकल पास, एनुअल पास, FASTag ब्लैकलिस्ट, ई-नोटिस या हाईवे से जुड़ी किसी भी जानकारी की जरूरत हो, तो MargMitra तुरंत सहायता उपलब्ध कराएगा।
शिकायत भी होगी ऑनलाइन दर्ज
अगर किसी तरह की शिकायत है तो उसे सीधे RajmargYatra ऐप के जरिए दर्ज किया जा सकता है। शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी और उसकी प्रगति को रियल टाइम में ट्रैक भी किया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर फैसले के खिलाफ अपील करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
किन लोगों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो रोजाना एक ही टोल प्लाजा से गुजरते हैं। अब उन्हें हर महीने पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा पर जाकर लाइन में लगने या कागजी औपचारिकताएं पूरी करने की जरूरत नहीं होगी। पूरा काम मोबाइल से कुछ ही मिनटों में हो जाएगा।
NHAI के अनुसार, RajmargYatra ऐप का उपयोग लगातार बढ़ रहा है और इसके माध्यम से अब तक 80 लाख से अधिक एनुअल पास जारी किए जा चुके हैं। यह ऐप Android और iPhone (iOS) दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

