PM Awas Yojana 2026: केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत आवेदन प्रक्रिया और पात्रता नियमों को पहले से अधिक सरल बनाया है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और बेघर परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना है। PMAY-U 2.0 के तहत अब पात्रता का दायरा बढ़ाया गया है और आवेदन प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है।
कौन कर सकता है आवेदन?
योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनके पास देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं है। परिवार में पति, पत्नी और अविवाहित बच्चे शामिल माने जाएंगे।
- EWS: वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक
- LIG: वार्षिक आय 3 से 6 लाख रुपये
- MIG: ब्याज सब्सिडी योजना के लिए वार्षिक आय 9 लाख रुपये तक
महिलाओं के नाम पर स्वामित्व को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही, लाभार्थी पहले किसी केंद्रीय आवास योजना का लाभ नहीं ले चुका होना चाहिए।
ये दस्तावेज हैं जरूरी
आवेदन के लिए आधार कार्ड, पहचान और निवास प्रमाण, आय प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण, शपथ पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा आवश्यकता होने पर भूमि या संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे। आरक्षित वर्ग के आवेदकों को संबंधित श्रेणी प्रमाण पत्र भी देना होगा।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
आवेदक PMAY-U के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आधार सत्यापन के बाद आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। व्यक्तिगत जानकारी, आय, बैंक विवरण और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन सबमिट करना होगा। आवेदन पूरा होने पर प्राप्त रेफरेंस नंबर भविष्य के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है। ऑनलाइन सुविधा न होने पर नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से भी आवेदन किया जा सकता है।
संसद में सरकार ने बताए ताजा आंकड़े
सरकार के अनुसार PMAY-ग्रामीण के तहत 4.18 करोड़ मकानों के लक्ष्य में से 3.92 करोड़ स्वीकृत हो चुके हैं और 3.10 करोड़ मकान बनकर तैयार हो चुके हैं। वहीं PMAY-शहरी के तहत 2015 से अब तक 127.68 लाख मकान स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 99.07 लाख मकान पूरे होकर लाभार्थियों को सौंपे जा चुके हैं। पहले से स्वीकृत परियोजनाओं को पूरा करने के लिए योजना की अवधि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाई गई है।

