Ravneet Singh Bittu: केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी जानकारी में इसकी पुष्टि की गई है।
पंजाब चुनाव में मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अब रवनीत सिंह बिट्टू को पंजाब की सक्रिय राजनीति में उतारने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी की ओर से बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। चर्चा यह भी है कि वह किसी महत्वपूर्ण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
पहले से चल रही थीं अटकलें
काफी समय से ऐसी चर्चाएं थीं कि बिट्टू को केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाकर पंजाब में संगठन और चुनावी रणनीति की जिम्मेदारी दी जा सकती है। उनका राज्यसभा सांसद के रूप में कार्यकाल जून में समाप्त हो गया था और उन्हें दोबारा उच्च सदन नहीं भेजा गया। इसके बाद से उनके मंत्री पद छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।
भाजपा के लिए अहम सिख चेहरा
रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के प्रमुख सिख नेताओं में गिने जाते हैं। उनके दादा बेअंत सिंह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। भाजपा उन्हें राज्य में अपने सामाजिक और राजनीतिक विस्तार के लिए महत्वपूर्ण चेहरा मानती है।
पंजाब में मजबूत होने की रणनीति
पंजाब में भाजपा लगातार अपने संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। हाल के वर्षों में सुनील जाखड़, कैप्टन अमरिंदर सिंह, रवनीत सिंह बिट्टू और केवल सिंह ढिल्लों जैसे कई बड़े नेताओं के पार्टी में आने से भाजपा का आधार बढ़ा है। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी राज्य में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और सिख नेतृत्व को विशेष महत्व दे रही है।

