spot_img
मंगलवार, सितम्बर 8, 2026
-विज्ञापन-

More From Author

दिल्ली PG हादसे के बाद दर्दनाक इंतजार, दोस्त ऋषित को अब भी अथर्व के मिलने की उम्मीद

Delhi News: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार, 6 सितंबर को एक पीजी बिल्डिंग के अचानक भरभराकर गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे के बाद मलबे में फंसे लोगों और छात्रों को तलाशने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसी बीच एक छात्र ऋषित अपने दोस्त अथर्व की तलाश में लगातार घटनास्थल पर डटा हुआ है। उसकी चिंता और बेचैनी साफ नजर आ रही है।

हादसे के बाद अथर्व ने किया था आखिरी फोन

ऋषित के मुताबिक, हादसे के बाद करीब 3:30 बजे अथर्व ने उसे फोन किया था। उसने बताया था कि वह मलबे में फंस गया है। अथर्व उस समय बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर था। इसके बाद उसका ऋषित से संपर्क नहीं हो सका।

ऋषित ने बताया कि वह लगातार अपने दोस्त को फोन करता रहा, लेकिन अब अथर्व का मोबाइल बंद आ रहा है। उसने कहा कि जिन छात्रों के शव छत के आसपास थे, उनमें से कई के शव बरामद हो चुके हैं, लेकिन अथर्व का अभी तक कोई पता नहीं चला है।

मैं उसे लगातार कॉल कर रहा हूं, लेकिन फोन बंद है’

दोस्त को बचाने की उम्मीद में ऋषित खुद भी मदद जुटाने की कोशिश करता रहा। उसने बताया कि हादसे के बाद उसने करीब 1:30 बजे Blinkit Ambulance को फोन किया था। उसके मुताबिक, कुछ ही मिनटों में चार एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थीं और पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद थी।

ऋषित का दावा है कि सरकारी एंबुलेंस करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान उसका पूरा ध्यान सिर्फ अपने दोस्त अथर्व को ढूंढने पर था।

अवैध निर्माण को लेकर उठाए सवाल

हादसे के बाद ऋषित ने बिल्डिंग में कथित अवैध निर्माण को लेकर भी सवाल खड़े किए। उसका कहना है कि अगर निर्माण नियमों के खिलाफ था तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

ऋषित ने आरोप लगाया कि बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल भी अवैध थी। उसने यह भी कहा कि इलाके में ऐसी कई इमारतें हैं, जहां अतिरिक्त मंजिल या शेड बनाकर छात्रों को कम कीमत पर रहने की जगह दी जाती है।

मलबे के बीच जारी है दोस्त की तलाश

हादसे ने कई परिवारों को चिंता और दर्द में डाल दिया है। वहीं ऋषित अभी भी उम्मीद लगाए बैठा है कि उसका दोस्त अथर्व सुरक्षित मिल सकता है। वह बचाव दल के साथ मिलकर लगातार उसकी तलाश में जुटा है।

मलबे के ढेर के बीच ऋषित की नजरें सिर्फ एक चेहरे को खोज रही हैं। उसका इंतजार तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक उसे अथर्व के बारे में कोई पक्की जानकारी नहीं मिल जाती है।

Latest Posts

-विज्ञापन-

Latest Posts