Dia Mirza अपनी निजी जिंदगी और परिवार को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं। वह सोशल मीडिया पर अपने बेटे अव्यान आजाद के साथ बिताए खास पलों की झलक फैंस के साथ साझा करती रहती हैं। अब बेटे के पांचवें जन्मदिन के मौके पर अभिनेत्री ने एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दीया मिर्जा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटे अव्यान आजाद की कई प्यारी तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में अव्यान के बचपन से लेकर अब तक के कई खास पल दिखाई दे रहे हैं। कुछ तस्वीरों में दीया बेटे के साथ खेलती और परिवार संग खुशियां मनाती नजर आ रही हैं।
बेटे के लिए लिखा भावुक संदेश
तस्वीरों के साथ दीया ने एक लंबा और इमोशनल कैप्शन भी लिखा। उन्होंने लिखा, “हमारे मिरेकल बच्चे को पांचवें जन्मदिन की शुभकामनाएं। हमारे बहादुर बच्चे, तुम जन्म से ही आजाद थे और हमेशा आजाद रहो। तुम अपनी जिंदगी अपने तरीके से जियो, खुलकर हंसो, दिल से प्यार करो और बड़े सपने देखो।”
उन्होंने आगे लिखा, “तुम हमेशा उन चीजों की रक्षा करो जो कोमल और खूबसूरत हैं। नई चीजों को बढ़ने और आगे बढ़ाने में मदद करो। तुम्हारे हमारी जिंदगी में आने के बाद उम्मीद का मतलब ही बदल गया। तुम जिंदगी की धूप हो, नई रोशनी हो। मैं अपने प्यार को शब्दों में बयां नहीं कर सकती।”
जन्म के बाद मुश्किल दौर से गुजरा परिवार
बता दें कि अव्यान का जन्म समय से पहले हुआ था। जन्म के बाद उन्हें करीब दो महीने तक एनआईसीयू में रहना पड़ा था। दीया मिर्जा इससे पहले भी कई इंटरव्यू में बता चुकी हैं कि वह समय उनके और परिवार के लिए बेहद कठिन और भावनात्मक था।
अभिनेत्री ने कई बार कहा है कि उस मुश्किल दौर ने उन्हें जिंदगी को नए नजरिए से देखने की ताकत दी।
साल 2021 में की थी शादी
दीया मिर्जा ने साल 2021 में बिजनेसमैन Vaibhav Rekhi से शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद ही उन्होंने बेटे अव्यान के जन्म की खुशखबरी फैंस के साथ साझा की थी।
वैभव रेखी की पहली शादी से उनकी एक बेटी समायरा भी हैं। दीया अक्सर समायरा और परिवार के साथ बिताए खास पलों को सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं।

