Whatsapp New Feature: मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स के चैटिंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में कंपनी अब एक ऐसा नया फीचर लाने की तैयारी कर रही है, जिसकी मदद से बिजनेस अकाउंट से आने वाली चैट्स को अलग सेक्शन में व्यवस्थित किया जा सकेगा। इस फीचर के आने के बाद यूजर्स का मेन इनबॉक्स पहले से ज्यादा साफ और व्यवस्थित नजर आएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस नए फीचर के तहत बिजनेस अकाउंट से आने वाले मैसेज 24 घंटे बाद अपने आप एक अलग सेक्शन में शिफ्ट हो जाएंगे। इससे मेन इनबॉक्स में केवल पर्सनल और ग्रुप चैट्स ही दिखाई देंगी। खासतौर पर उन यूजर्स के लिए यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है, जिन्हें रोजाना बड़ी संख्या में प्रमोशनल या बिजनेस मैसेज मिलते हैं।
अभी टेस्टिंग फेज में है नया फीचर
जानकारी के अनुसार, कंपनी फिलहाल इस फीचर पर काम कर रही है और अभी इसे बीटा टेस्टिंग के लिए भी जारी नहीं किया गया है। उम्मीद है कि आने वाले कुछ हफ्तों में इसे टेस्टिंग फेज में रोलआउट किया जा सकता है। इस फीचर के जरिए यूजर्स को अपनी जरूरी पर्सनल चैट्स तक पहुंचना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा और उन्हें लंबी चैट लिस्ट में स्क्रॉल नहीं करना पड़ेगा।
यूजरनेम फीचर से बढ़ेगी प्राइवेसी
हाल ही में व्हाट्सऐप ने एक और अहम फीचर रोलआउट करना शुरू किया है, जिसके तहत अब यूजर्स अपने अकाउंट के लिए यूजरनेम सेट कर सकेंगे। यह फीचर Facebook और Instagram की तरह काम करेगा। इसके जरिए यूजर्स अपना मोबाइल नंबर शेयर किए बिना भी दूसरों से कनेक्ट हो सकेंगे, जिससे उनकी प्राइवेसी पहले से ज्यादा सुरक्षित रहेगी।
जल्द आ सकता है पेड सब्सक्रिप्शन प्लान
इसके अलावा खबरें यह भी हैं कि व्हाट्सऐप जल्द ही एक नया पेड सब्सक्रिप्शन प्लान भी लॉन्च कर सकता है, जिसे WhatsApp Plus के नाम से पेश किया जा सकता है। इस प्लान में यूजर्स को अतिरिक्त चैट पिन करने का विकल्प, अलग-अलग ऐप आइकन्स, कस्टम कलर थीम, एक्सक्लूसिव स्टिकर्स, कस्टम रिंगटोन और इंटरैक्टिव मैसेज रिएक्शन जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं। हालांकि, चैटिंग, कॉलिंग और फाइल शेयरिंग जैसी बेसिक सेवाएं पहले की तरह पूरी तरह मुफ्त ही रहेंगी।

