Huda Zariwala Arrest: Huda Zariwala ArrestHuda Zariwala Arrestसहारनपुर में कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता और यूट्यूबर हुदा जरीवाला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, थाना सदर बाजार में अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की तहरीर पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें शांतिभंग के मामले में चालान कर जेल भेज दिया।
सर्किट हाउस में हुआ था विवाद
बताया गया कि हुदा जरीवाला सोमवार को सहारनपुर सर्किट हाउस पहुंची थीं। वहां सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ जाने को लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। महिला पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया तो हाथ लगाए जाने को लेकर वह नाराज हो गईं। इस दौरान मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें हुदा जरीवाला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सहारनपुर के जिलाधिकारी को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करती दिखाई दीं।
वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर हुदा जरीवाला की बयानबाजी के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। अधिवक्ता दुष्यंत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर इसे संवेदनशील मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर हुदा जरीवाला को हिरासत में लिया। इसके बाद शांतिभंग के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस कर रही वीडियो की जांच
एसएसपी अभिनंदन सिंह के अनुसार, हुदा जरीवाला के खिलाफ दुष्यंत सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और उसमें की गई कथित टिप्पणियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर पुलिस की बढ़ी निगरानी
मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों ने आपत्तिजनक, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के मुताबिक, किसी पोस्ट, वीडियो या संदेश के जरिए अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील माहौल को देखते हुए पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरत रही है।

