Swine Flu Lucknow: लखनऊ में इन्फ्लुएंजा-ए H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। गुरुवार को जिले में संक्रमण के 9 नए मामले सामने आए। नए संक्रमितों में 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। इनमें से 2 मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 7 मरीजों में सामान्य लक्षण पाए जाने पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है।
नए मामलों के सामने आने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है।
4 मरीज स्वस्थ होकर लौटे घर
स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत की बात यह रही कि अस्पताल में भर्ती पहले के 4 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गए हैं। वहीं, गुरुवार को डेंगू का कोई नया मामला सामने नहीं आया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम या गले में खराश जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
गंभीर लक्षणों को बिल्कुल न करें नजरअंदाज
लखनऊ के सीएमओ डॉ. एन.बी. सिंह ने H1N1 को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि तेज बुखार के साथ सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक कमजोरी या बेहोशी, अचानक ब्लड प्रेशर कम होना, नाखूनों का नीला पड़ना और बलगम में खून आना गंभीर संकेत हो सकते हैं।
ऐसे लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच और आवश्यकता के अनुसार रियल टाइम RT-PCR जांच करानी चाहिए। सामान्य फ्लू जैसे लक्षण होने पर भी डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।
CM योगी के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बढ़ते H1N1 और मौसमी फ्लू को लेकर समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, CHC और PHC में H1N1 की जांच निशुल्क कराने, पर्याप्त दवाएं और टेस्टिंग किट उपलब्ध रखने के साथ गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू और आइसोलेशन व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है।

