Sanjay Singh on Satyendra Jain arrest: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक बदले के लिए किया जा रहा है। संजय सिंह ने यहां तक कह दिया कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में विपक्ष को लेकर इतना गुस्सा है तो उन्हें किसी चौराहे पर खड़ा करके गोली मरवा दी जाए।
‘रोज-रोज के ड्रामे और नौटंकी से क्या फायदा’
सत्येंद्र जैन के परिवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि अगर सरकार विपक्ष के नेताओं को देखना ही पसंद नहीं करती और पूरे देश में अपनी तानाशाही चलाना चाहती है तो जो करना है, कर दे। उन्होंने कहा कि रोज-रोज की कार्रवाई और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से कोई फायदा नहीं है।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ हुई कार्रवाई केवल एसीबी की कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसके पीछे बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्देश है। उनके मुताबिक, जांच एजेंसियां वही कार्रवाई कर रही हैं, जैसा ऊपर से निर्देश मिल रहा है।
टेंडर के वक्त जेल में थे सत्येंद्र जैन: संजय सिंह
आप सांसद ने दावा किया कि जिस टेंडर को लेकर सत्येंद्र जैन के खिलाफ कार्रवाई की गई, वह अक्टूबर 2022 में हुआ था। उस समय जैन पहले से जेल में थे। संजय सिंह ने कहा कि सत्येंद्र जैन को 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया गया था, इसलिए इस मामले में उनकी भूमिका का सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब चुनाव को देखते हुए सत्येंद्र जैन को निशाना बनाया जा रहा है। जैन पंजाब चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के सह-प्रभारी बताए जा रहे हैं।
न्यायिक हिरासत में सत्येंद्र जैन
सत्येंद्र जैन को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद उनकी जमानत याचिका पर 25 अगस्त को सुनवाई होनी है। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साध रही है।
संजय सिंह ने दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनाव वाले राज्यों में विपक्षी नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो जाती है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की पुरानी गिरफ्तारियों का भी जिक्र किया।
‘पंजाब में बीजेपी बुरी तरह हारेगी’
पंजाब चुनाव पर गिरफ्तारी के असर को लेकर संजय सिंह ने कहा कि जनता भगवंत मान सरकार के कामकाज के आधार पर अपना फैसला करेगी। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी पंजाब में बुरी तरह हार जाएगी और इसी आशंका की वजह से विपक्षी नेताओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जा रही है।

