Maharashtra News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों18 वर्षीय कुणाल चंदगुडे, उसकी मां संगीता और पिता मुरलीधर की मौत हो गई। शुरुआती चर्चा में कुणाल के iPhone की EMI को घटना से जोड़कर देखा गया, लेकिन परिवार ने इस दावे को सिरे से खारिज किया है।
पहाड़ी से गिरने की दर्दनाक घटना
बताया जा रहा है कि कुणाल एक पहाड़ी पर पहुंच गया था और वहां से कूदने की धमकी दे रहा था। उसे रोकने और नीचे लाने की कोशिश में उसके पिता भी उसके साथ करीब 250 फीट गहरी खाई में गिर गए। इस घटना से घबराई मां संगीता ने भी कथित तौर पर पहाड़ी से छलांग लगा दी।हादसे में तीनों की जान चली गई। पुलिस अब इस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
iPhone EMI को लेकर क्या है सच्चाई?
घटना के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि कुणाल ने किस्तों पर महंगा iPhone खरीदा था और EMI चुकाने में परेशानी होने के कारण उसने माता-पिता से पैसे मांगे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ और मामला इतना बढ़ गया।
हालांकि, संगीता की बहन पल्लवी पाटिल ने इस दावे को अफवाह बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही बातों पर नाराजगी जताते हुए लोगों से अपील की कि बिना सच्चाई जाने कोई दावा न करें।
पल्लवी ने कहा कि उनका परिवार पहले ही बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है और ऐसी गलत खबरें उनके बुजुर्ग माता-पिता के लिए और ज्यादा तकलीफदेह हैं।
बहन ने हाथ जोड़कर की अपील
पल्लवी ने भावुक होकर बताया कि संगीता उनके माता-पिता की चार संतानों में सबसे बड़ी थीं। उन्होंने कहा कि परिवार अभी इस सदमे से बाहर निकलने की स्थिति में नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा करने से पहले सच्चाई की पुष्टि करें। उनका कहना है कि गलत दावों से परिवार के दुख को और बढ़ाया जा रहा है।
पहले भी टूट चुका था परिवार
जांच में परिवार के पुराने विवादों का पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब छह साल पहले परिवार ने बीमारी के कारण अपने बड़े बेटे को खो दिया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता गया।
मुरलीधर ट्रक ड्राइवर थे, जबकि संगीता घर संभालती थीं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों कुछ समय से अलग-अलग रह रहे थे। मुरलीधर पिछले करीब तीन महीने से शहर से बाहर थे और घटना से दो दिन पहले ही वापस लौटे थे।
वायरल वीडियो की भी जांच
पुलिस को संगीता का एक कथित वीडियो भी मिला है, जिसमें वह पारिवारिक और संपत्ति से जुड़े विवादों को लेकर नाराजगी जताती सुनाई दे रही हैं। वीडियो में वह परिवार को बर्बाद करने और बेटे को माता-पिता से दूर करने जैसे आरोप लगाती नजर आती हैं।
पुलिस इस वीडियो और परिवार के पुराने विवादों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, यह भी सामने आया है कि कुणाल करीब एक साल पहले भी उसी पहाड़ी पर आत्महत्या की कोशिश के इरादे से गया था। उस समय पुलिस ने उसे समझाकर बचा लिया था।

