Vijay Thalapathy: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार से राजनेता बने Vijay इन दिनों अपनी सादगी और कार्यशैली को लेकर सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी विजय ने वीआईपी संस्कृति से दूरी बनाए रखी है और यही बात लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रही है।
हाल ही में उनकी एक तस्वीर इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुई, जिसमें वह मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी टेबल पर बैठकर हाथ से खाना खाते नजर आए। दावा किया जा रहा है कि विजय रोजाना अपने घर से टिफिन लेकर दफ्तर पहुंचते हैं और साधारण तरीके से लंच करते हैं।
समय के पाबंद और अनुशासित मुख्यमंत्री
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स के अनुसार विजय का डेली रूटीन किसी आम सरकारी कर्मचारी जैसा है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि वह सुबह 8:45 से 9 बजे के बीच सचिवालय पहुंच जाते हैं और सभी बैठकों में समय से पहले मौजूद रहते हैं।
मुख्यमंत्री होने के बावजूद वे करीब 8 से 9 घंटे तक लगातार काम करते हैं और दोपहर में घर से लाया गया साधारण खाना ही खाते हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि उनके काफिले की वजह से आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
वीआईपी कल्चर से दूरी ने जीता दिल
लोगों का कहना है कि एक बड़े फिल्म स्टार और मुख्यमंत्री होने के बावजूद विजय का जमीन से जुड़ा व्यवहार उन्हें बाकी नेताओं से अलग बनाता है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनकी तुलना उन पुराने नेताओं से की, जो सादगी और अनुशासन के लिए पहचाने जाते थे।
सोशल मीडिया पर जमकर हो रही तारीफ
Tamilaga Vettri Kazhagam प्रमुख विजय की यह वायरल तस्वीर लोगों को काफी भावुक कर रही है। फैंस का कहना है कि सत्ता में आने के बाद भी उनका व्यवहार नहीं बदला और यही उनकी सबसे बड़ी खासियत है। सोशल मीडिया पर यूजर्स उन्हें “जनता का मुख्यमंत्री” तक बता रहे हैं।

